देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 26 अगस्त को यूपी, दिल्ली समेत 19 राज्यों में बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी राज्यों में गरज-चमक के साथ वज्रपात का खतरा रहेगा। वहीं कई इलाकों में बारिश के साथ ओले पड़ने की संभावना भी जताई गई है। मौसम में बदलाव के पीछे कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र के पास ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण असम और आसपास के इलाकों में भी ऐसा ही मौसम सिस्टम सक्रिय है, जिसके कारण आने वाले समय में कुछ क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने 26 अगस्त को देश के कई हिस्सों में खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। यूपी, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत 19 राज्यों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। पूर्वी भारत में बिजली गिरने और वज्रपात का खतरा है। कुछ जगहों पर 70-75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में आज भी होगी बारिश
राजधानी दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में 26 अगस्त को मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आज कई इलाकों में मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बारिश और बादलों के कारण मौसम सुहाना रह सकता है। वहीं इस दौरान शहर के दिन में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और रात में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कैसा होगा यूपी-बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश और बिहार में 26 अगस्त को मौसम खराब रहने की संभावना है। यूपी के मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा,भागलपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की आशंका है। यहां हवा की रफ्तार करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा। पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।