Heavy Rain Alert: मैदान से पहाड़ तक आसमान से बरस रही आफत की बारिश! IMD का आंधी-बिजली को लेकर भी चेतावनी

Heavy Rain Alert: देश के कई राज्यों में 30 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मिजोरम और केरल जैसे कई राज्यों में भारी बारिश के आसार हैं। वहीं कई राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका जताई गई है। जानें आने वाले दिनों में कैसा होगा मौसम

अपडेटेड Aug 25, 2026 पर 8:12 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यूपी, बिहार, झारखंड, एमपी में भारी बारिश का अलर्ट!

Heavy Rain Alert: देश के कई राज्यों में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) के मुतबिक, 25 से 30 अगस्त तक देश के कई जगहों पर बारिश अभी रुकने वाली नहीं है। IMD) के मुतबिक, 25 से 30 अगस्त तक मध्य भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। इन इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर बारिश के दौरान निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव की स्थिति से सतर्क रहने की जरूरत है।

कैसा होगा दिल्ली का मौसम

दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली में 25 अगस्त को मौसम सुहावना रह सकता है और दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले सात दिनों में दिल्ली में कुछ-कुछ जगहों पर ही बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया है कि 26 और 27 अगस्त को भी राजधानी में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं पूर्वी यूपी में 25-26 अगस्त को तेज बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 25 अगस्त के बाद बारिश में कमी आने की उम्मीद है। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में कुछ इलाकों में बीच-बीच में बारिश का दौर जारी रह सकता है।


इन राज्यों में होगी तेज बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 25 अगस्त को छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर के कई राज्यों, पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में भी भारी बारिश की संभावना है। कई राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कई राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका जताई गई है।

अभी नहीं मिलेगा बारिश से राहत

26 अगस्त को भी बारिश का असर कम होता नहीं दिख रहा है। मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, केरल, मध्य महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और विदर्भ में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में आंधी, बिजली चमकने और तेज हवा का मौसम भी बन सकता है। 27 और 28 अगस्त को भी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश जारी रहने की संभावना है।

30 अगस्त तक कैसा होगा मौसम

29 और 30 अगस्त को पूर्वोत्तर राज्यों, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा और उत्तराखंड में कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है। उत्तराखंड में पूरे सप्ताह बारिश के आसार हैं, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश का दौर बना रहेगा। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 26 अगस्त के बाद बारिश कम होने और मौसम सूखा रहने की संभावना है। दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में बारिश जारी रहेगी। तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी कुछ जगह बारिश और गरज-चमक हो सकती है। समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

बारिश के साथ कुछ इलाकों में अचानक बाढ़ का खतरा भी बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। तेज बारिश और हवा के कारण पेड़ या उनकी शाखाएं गिर सकती हैं, कमजोर मकानों और दीवारों को नुकसान पहुंच सकता है और सड़क-रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। कुछ जगहों पर जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन जैसी स्थिति भी बन सकती है। बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और खुले या पानी वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी खेतों में जलभराव रोकने, अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था करने और भारी बारिश के दौरान खाद व कीटनाशक का इस्तेमाल टालने की सलाह दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।