Kerala Weather Alert: दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के इंतजार में, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने केरल के सभी जिलों के लिए 6 जून तक ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम एजेंसी ने इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश के कारण जलभराव, अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड), ट्रैफिक जाम और बिजली कटौती जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि आने वाले दिनों में पूरे राज्य में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में 4 जून को पहुंचेगा, जो इसके सामान्य आगमन की तिथि 1 जून से तीन दिन बाद है। इस देरी से आगमन का असर देश के बाकी हिस्सों में मानसून की प्रगति पर भी पड़ सकता है।
केरल में बारिश: जिलावार मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम और त्रिशूर के लिए बुधवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, क्योंकि कुछ स्थानों पर बहुत अधिक भारी बारिश की प्रबल संभावना है। IMD ने बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
बता दें की 4 जून को जब दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में दस्तक दे सकता है, ऐसे में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने लगभग आधे जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 5 जून को भी कई जिलों में भारी बारिश की आशंका है। 6 जून को अधिकांश जिले येलो अलर्ट पर रहेंगे। एजेंसी ने ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के लिए 115.6 से 204.4mm तक बारिश की चेतावनी जारी की है, साथ ही जलभराव वाली सड़कों, बिजली कटौती और कमजोर ढांचों को संभावित नुकसान की आशंका भी जताई है।