Video: हमीरपुर में 46°C की प्रचंड गर्मी में पसर गया ये निरीह चमगादड़! इसका हाल देख पसीज जाएगा दिल और लगेगा हीटवेव का अंदाजा

मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में पारा 40 से 48 डिग्री के बीच बना हुआ है। बुंदेलखंड का ही बांदा जिला 48 डिग्री सेल्सियस (पिछले दिनों 48.2°C) अधिकतम तापमान के साथ एक बार फिर पूरे राज्य में सबसे गर्म स्थान रहा

अपडेटेड May 21, 2026 पर 7:47 PM
आसमान से बरस रही आग अब सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए भी काल बन चुकी है।

उत्तर प्रदेश में आसमान से बरस रही आग अब सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए भी काल बन चुकी है। बुंदेलखंड के हमीरपुर जिले से सामने आई एक दिल दहला देने वाले वीडियो ने सोशल मीडिया पर सबको झकझोर कर रख दिया है। यहां 46.2 डिग्री सेल्सियस की प्रचंड गर्मी और झुलसाने वाली हीटवेव के बीच एक मासूम चमगादड़ तपती सड़क पर आ गिरा। इस बेजुबान जीव का हाल देखकर किसी का भी दिल पसीज जाएगा। यह घटना इस बात का जीता-जागता सबूत है कि इस बार की गर्मी वन्यजीवों और प्रकृति के लिए कितनी जानलेवा साबित हो रही है।

आप पहले यहां नीचे वो वीडियो देखिए जिसमें निरीह चमगादड़ किस हाल में दिख रहा है-


 

गुरुवार को उत्तर प्रदेश का बुंदेलखंड इलाका और हमीरपुर जिला भट्टी की तरह सुलगा। इसी बीच हमीरपुर जिला कोर्ट परिसर के भीतर एक भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला। दोपहर के समय आसमान से बरसती आग और लू के थपेड़ों को एक मासूम चमगादड़ सहन नहीं कर पाया। वह गर्मी और प्यास से इस कदर बेहाल हुआ कि सीधे पेड़ से नीचे गर्म कंक्रीट के फर्श पर आ गिरा और तड़पने लगा।

वकीलों ने पानी पिलाया

चमगादड़ को इस तरह तड़पता देख कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों और वहां आए फरियादियों का दिल पसीज गया। लोगों ने तुरंत इंसानियत दिखाई और उस बेजुबान के पास इकट्ठा हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि वकील और आम लोग मिलकर उस तड़पते हुए चमगादड़ पर बोतलों से पानी छिड़क रहे हैं। सिर्फ चमगादड़ पर ही नहीं, बल्कि उसके आस-पास की तपती हुई सड़क और कंक्रीट के फर्श को भी पानी डालकर ठंडा किया गया ताकि उसे थोड़ी राहत मिल सके।

बांदा 48.2°C के साथ सबसे गर्म, यूपी के इन इलाकों में हीटवेव का हाहाकार

मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में पारा 40 से 48 डिग्री के बीच बना हुआ है। बुंदेलखंड का ही बांदा जिला 48 डिग्री सेल्सियस (पिछले दिनों 48.2°C) अधिकतम तापमान के साथ एक बार फिर पूरे राज्य में सबसे गर्म स्थान रहा।

यूपी के प्रमुख शहरों का तापमान:

  • प्रयागराज: 46.4°C
  • हमीरपुर: 46.2°C
  • झांसी: 45.9°C
  • आगरा: 45.3°C
  • उरई: 45.2°C
  • कानपुर: 44.6°C
  • मेरठ: 44.0°C
  • इसके अलावा वाराणसी, अलीगढ़, सुल्तानपुर और हरदोई जैसे जिलों में भी पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है।

मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी: अगले 7 दिनों तक जारी रहेगा महाटॉर्चर

अगर आपको लग रहा है कि इस गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है, तो मौसम विभाग के आंकड़े आपको डरा सकते हैं। आईएमडी (IMD) के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि अगले 6 से 7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के ज़्यादातर हिस्सों में लू की यही स्थिति बनी रहेगी।

 

IMD का नया अलर्ट

रेड अलर्ट (Red Alert): मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों के लिए अगले 3 दिनों का रेड अलर्ट जारी किया है।

ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert): पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा के लिए अगले 6 से 7 दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। यानी अगले एक हफ्ते तक झुलसाने वाली लू से कोई राहत नहीं मिलने वाली है।

हमीरपुर की इस घटना ने पर्यावरणविदों और पशु प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि जंगलों का कटना, नदियों-पोखरों का सूखना और रिकॉर्ड तोड़ तापमान के कारण पक्षी और पेड़ों पर रहने वाले जीव डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) का शिकार होकर दम तोड़ रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।