Himanta Gun Video Row: भारी बवाल के बाद एक्शन में असम BJP, विवादित वीडियो अपलोड करने वाले को नौकरी से निकाला

Himanta Gun Video Row: असम BJP ने सोशल मीडिया टीम के एक सह-संयोजक को उनके पद से हटा दिया गया है। पिछले हफ्ते असम BJP के ऑफिशियल X हैंडल से पोस्ट किए गए एक वीडियो में असम के मुख्यमंत्री को टोपी पहने दो लोगों पर राइफल तानते हुए दिखाया गया था

अपडेटेड Feb 12, 2026 पर 2:05 PM
Story continues below Advertisement
Himanta Gun Video Row: असम सीएम हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि BJP के सोशल मीडिया अकाउंट से हटाए गए वीडियो की जानकारी नहीं है

Himanta Gun Video Row: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की असम इकाई ने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का विवादित वीडियो शेयर करने को लेकर अपनी सोशल मीडिया टीम के एक सह-संयोजक को पद से हटा दिया है। इसके कारण बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। हालांकि, विवाद के बाद इस वीडियो को बाद में हटा दिया गया था।

वीडियो में शर्मा को कथित तौर पर राइफल से निशाना साधते और दो लोगों पर गोली चलाते हुए दिखाया गया था। उनमें से एक ने टोपी पहन रखी थी और दूसरे की दाढ़ी थी। वीडियो के साथ कैप्शन में 'प्वाइंट ब्लैंक शॉट' लिखा था।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाए गए इस वीडियो को बीजेपी की प्रदेश इकाई के आधिकारिक X हैंडल पर शनिवार शाम को अपलोड किया गया था। लेकिन राजनीतिक विरोध के बाद इसे हटा दिया गया।


वरिष्ठ नेता ने पीटीआई से कहा, "यह वीडियो उचित जांच-पड़ताल के बिना एवं अनऑथराइज्ड तरीके से अपलोड किया गया था। संबंधित व्यक्ति को सोशल मीडिया टीम के सह-संयोजक पद से हटा दिया गया है।" पद से हटाए गए सोशल मीडिया सह-संयोजक की पहचान रॉन विकास गौरव के रूप में हुई है।

वरिष्ठ BJP नेता ने कहा, "केवल कुछ लोगों को ही BJP के सोशल मीडिया हैंडल के लिए पोस्ट करने और प्रचार सामग्री अपलोड करने का अधिकार है। वे पार्टी के कार्यक्रम साझा करने या हमारे नेताओं के भाषण अपलोड करने के लिए अपने स्तर पर आम तौर पर ऐसा कर सकते हैं। लेकिन संवेदनशील विषयों के लिए उन्हें सोशल मीडिया प्रभारी या पार्टी अध्यक्ष या (अगर मामला मुख्यमंत्री से जुड़ा हो तो) मुख्यमंत्री कार्यालय से अनुमति लेनी होती है।"

रंजीब कुमार शर्मा इस समय BJP की प्रदेश इकाई की सोशल मीडिया टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। गौरव को हटाए जाने से पहले उनकी टीम में चार सह-संयोजक थे। मुख्यमंत्री शर्मा ने बुधवार को कहा था कि पुलिस ने वीडियो को लेकर कांग्रेस नेताओं की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि बीजेपी के एक कार्यकर्ता ने भी इसी मामले पर पुलिस में अलग से शिकायत दर्ज कराई है।

शर्मा ने सोमवार को दावा किया था कि उन्हें वीडियो की जानकारी नहीं थी। जबकि कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री पर अपने वीडियो के जरिए मुसलमानों के खिलाफ ‘नरसंहार उकसाने का आरोप लगाया था। गोगोई ने पुलिस से इस मामले में स्वतः संज्ञान लेने का आग्रह किया था।

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार को हैदराबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। अब हटाए जा चुके इस वीडियो को लेकर असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की थी।

ये भी पढ़ें- Himanta Gun Video Row: 'चुनाव का एक हिस्सा SC में लड़ा जाता है'; विवादित वीडियो को लेकर असम सीएम की बढ़ेगी मुश्किलें? CJI सुनवाई को तैयार

शर्मा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, "अगर मेरे खिलाफ कोई मामला दर्ज किया गया है, तो मुझे गिरफ्तार कर लीजिए। मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मैं जेल जाने के लिए तैयार रहूंगा। मैं हमेशा अपनी बात पर कायम रहूंगा। मैं बांग्लादेशी घुसपैठियों का विरोधी हूं और हमेशा रहूंगा।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।