PM Modi 12.0: पीएम मोदी ने कैसे तोड़ा भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड? पूरा कैलकुलेशन यहां देखिए

PM Modi 12.0:पीएम नरेंद्र मोदी बुधवार (10 जून) को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए। उन्होंने केंद्र सरकार के प्रमुख के तौर पर 12 साल पूरे कर लिए हैं। पीएम मोदी ने चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर 4,399 दिनों तक पद पर रहने का देश के पहले PM जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है

अपडेटेड Jun 10, 2026 पर 9:42 AM
PM Modi 12.0: प्रधानमंत्री पद पर लगातार पीएम मोदी को 12 वर्ष हो गए हैं

PM Modi 12.0: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम कर ली है। लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद पीएम मोदी ने ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया है, जो दशकों तक देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम दर्ज था। पीएम मोदी बुधवार (10 जून) को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए। उन्होंने केंद्र सरकार के प्रमुख के तौर पर 12 साल पूरे कर लिए हैं।

पीएम मोदी ने चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर 4,399 दिनों तक पद पर रहने का पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आखिर यह रिकॉर्ड क्या है, पीएम मोदी ने इसे कैसे तोड़ा और इसके पीछे का पूरा गणित क्या कहता है? आइए विस्तार से जानते हैं।

पीएम मोदी ने कैसे तोड़ा नेहरू का रिकॉर्ड?


पीएम मोदी 10 जून को भारत के प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिन पूरे किए हैं। इसी के साथ उन्होंने जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। इस तुलना के लिए नेहरू के 1952 से शुरू हुए कार्यकाल को आधार माना गया है, क्योंकि देश के पहले आम चुनाव होने से पहले 1947 से 1952 के बीच वे अंतरिम सरकार के प्रमुख थे। हालांकि, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 14 साल से ज्यादा समय तक पद पर रहीं। लेकिन उनका कार्यकाल लगातार नहीं था।

इस वजह से पीएम मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने 2014 में पहली बार शपथ लेने से लेकर 2019 में लगातार दूसरी बार और 2024 में ऐतिहासिक रूप से लगातार तीसरी बार जनादेश हासिल करने तक सेवा की है।

क्या था नेहरू का रिकॉर्ड?

पंडित जवाहरलाल नेहरू 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। आजादी के बाद हुए आम चुनावों में लगातार जीत हासिल करते हुए उन्होंने लंबे समय तक देश का नेतृत्व किया। लंबे समय तक यह माना जाता रहा कि लगातार निर्वाचित होकर प्रधानमंत्री बने रहने का उनका रिकॉर्ड अटूट है।

पीएम मोदी ने कैसे बनाया नया कीर्तिमान?

पीएम नरेंद्र मोदी 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद उन्होंने 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी जीत हासिल की और लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इसी के साथ उनका लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल ऐतिहासिक बन गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह रिकॉर्ड केवल लंबे कार्यकाल का आंकड़ा नहीं है, बल्कि लगातार जनादेश हासिल करने की उनकी राजनीतिक क्षमता का भी प्रमाण माना जा रहा है। आने वाले वर्षों में यह देखना दिलचस्प होगा कि पीएम मोदी इस रिकॉर्ड को और कितना आगे ले जा पाते हैं।

कार्यकाल का पूरा कैलकुलेशन

पीएम मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने: 26 मई 2014

दूसरी बार शपथ: 30 मई 2019

तीसरी बार शपथ: 9 जून 2024

26 मई 2014 से जून 2026 तक पीएम मोदी का लगातार कार्यकाल 12 साल से अधिक का हो चुका है। इसी अवधि के आधार पर उन्होंने लगातार चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री बने रहने के मामले में नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

रिकॉर्ड का क्या है राजनीतिक महत्व?

पीएम मोदी की यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि भारत जैसे विशाल लोकतंत्र में लगातार तीन आम चुनाव जीतना और एक दशक से अधिक समय तक सत्ता में बने रहना बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है। इससे पहले यह उपलब्धि मुख्य रूप से जवाहरलाल नेहरू के नाम दर्ज थी।

पीएम मोदी के ऐतिहासिक काम

पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के दौर में कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और राष्ट्र-निर्माण प्रोजेक्ट्स भी शुरू किए गए हैं। इनमें नया संसद भवन, सेंट्रल विस्टा का रीडेवलपमेंट, कर्तव्य पथ, वंदे भारत ट्रेनें, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, आईएनएस विक्रांत, कश्मीर रेल लिंक, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नमो भारत आरआरटीएस और गंगा एक्सप्रेसवे शामिल हैं।

दिल्ली में आज होगा मेगा जश्न

शनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) बुधवार को राजधानी में एक अहम बैठक करेगा।  'भारत मंडपम' में होने वाली इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, BJP के शीर्ष नेताओं, NDA-शासित सभी 22 राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और उप-मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ गठबंधन की सहयोगी पार्टियों के नेताओं के भी शामिल होने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान एनडीए एक प्रस्ताव पास कर सकता है जिसमें प्रधानमंत्री मोदी को भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ने की ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी जाएगी।

इस कार्यक्रम में राजनाथ सिंह, अमित शाह, BJP अध्यक्ष नितिन नबीन और शिवराज सिंह चौहान समेत केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री और NDA के अन्य प्रमुख नेता शामिल होंगे। यह बैठक एनडीए सरकार के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है। उम्मीद है कि इसमें गठबंधन की उपलब्धियों, भविष्य की नीतिगत प्राथमिकताओं और राजनीतिक रोडमैप पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। मुख्य चर्चाएं शासन से जुड़ी पहलों, विकास कार्यक्रमों और आगामी चुनावी चुनौतियों की तैयारियों के इर्द-गिर्द होने की संभावना है।

ये भी पढे़ं- Swan Farming Business: मछली के साथ शुरू करें हंस पालन का काम! 800 रुपये में बिक रहा है अंडा, बिहार के इस किसान की चमकी किस्मत

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।