IMD Heat Wave Alert: 23 मई तक यूपी के इन इलाकों में भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट, उन जिलों की लिस्ट देखिए जहां चलेगी हीटवेव

IMD Heat Wave Alert: एक तरफ जहां दिन में सूरज तप रहा है, वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रातें भी सुकून नहीं देंगी। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा और बुलंदशहर जैसे जिलों में गर्म रात (Warm Night) का अलर्ट जारी किया है। यानी रात के तापमान में भी भारी बढ़ोतरी देखी जाएगी।

अपडेटेड May 18, 2026 पर 9:49 PM
Story continues below Advertisement
आने वाले कुछ दिनों में उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्से में हीटवेव (जानलेवा लू) का प्रकोप अपने चरम पर पहुंचने वाला है।

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। आसमान से बरस रही आग और झुलसाने वाली लू के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र ने राज्य के लिए 23 मई तक का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। बुंदेलखंड का बांदा जिला लगातार दूसरे दिन न सिर्फ उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे देश में सबसे गर्म दर्ज किया गया। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में फिलहाल गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले एक हफ्ते तक प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण लू का प्रकोप बना रहेगा। बांदा, प्रयागराज और झांसी जैसे जिलों में पारा आसमान छू रहा है। इससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

बांदा देश में सबसे गर्म

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक बांदा लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म स्थान रहा। भीषण लू की स्थिति सिर्फ बांदा तक सीमित नहीं है। प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, हमीरपुर और झांसी के आसपास के क्षेत्रों में भी आज लू ने लोगों को बेहाल कर दिया।


पश्चिमी यूपी में गर्म रातों का अलर्ट

एक तरफ जहां दिन में सूरज तप रहा है, वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रातें भी सुकून नहीं देंगी। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा और बुलंदशहर जैसे जिलों में गर्म रात (Warm Night) का अलर्ट जारी किया है। यानी रात के तापमान में भी भारी बढ़ोतरी देखी जाएगी।

तारीख दर तारीख, जानिए इन जिलों में चलेगी हीटवेव

मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए प्रभावित जिलों की विस्तृत सूची जारी की है:

19-20 मई:

भीषण लू वाले क्षेत्र: बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, वाराणसी, कानपुर, आगरा, झांसी, हमीरपुर, औरैया, इटावा और जालौन।

लू की संभावना वाले अन्य जिले: मिर्जापुर, सोनभद्र, आजमगढ़, मऊ, कन्नौज, उन्नाव, अमेठी, सुल्तानपुर, मथुरा, अलीगढ़ और ललितपुर।

WhatsApp Image 2026-05-18 at 21.39.16

20-21 मई:

गर्मी का दायरा और बढ़ेगा। इसमें अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, बागपत, बिजनौर, संभल और हरदोई जैसे जिले भी लू की चपेट में आ जाएंगे।

WhatsApp Image 2026-05-18 at 21.39.49

21-22 मई:

बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, कानपुर, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद और बुंदेलखंड के अधिकांश इलाकों में भीषण लू का सितम जारी रहेगा।

WhatsApp Image 2026-05-18 at 21.40.51

22-23 मई:

सप्ताह के अंत तक भी राहत के आसार नहीं हैं। बांदा, फतेहपुर, आगरा, झांसी और जालौन समेत उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी यूपी के जिलों में लू का कहर बरकरार रहेगा।

WhatsApp Image 2026-05-18 at 21.40.23

सावधानी ही बचाव है

मौसम विभाग ने इस ऑरेंज अलर्ट के जरिए लोगों को चेतावनी दी है कि वे दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। तेज धूप और लू के थपेड़े शरीर में पानी की कमी और हीट स्ट्रोक का कारण बन सकते हैं। खूब पानी और तरल पदार्थ (छाछ, नींबू पानी) पिएं। बाहर निकलते समय सिर को सफेद सूती कपड़े से ढकें। हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।