देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत के कई हिस्सों में अभी भी भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मानसून 7 जून को पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों तक पहुंच गया है और अगले 3 से 4 दिनों में इसके महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में आगे बढ़ने की संभावना है।
इन 15+ राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कर्नाटक, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तटीय कर्नाटक में 8 से 10 जून के बीच कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। वहीं केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी लगातार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत में अगले एक सप्ताह तक व्यापक बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में कई जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। इससे निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
यहां हो सकती है भारी बारिश
पूर्वी भारत की बात करें तो बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। बिहार में 10 और 11 जून को भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिम बंगाल और सिक्किम के पर्वतीय इलाकों में कई दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।
दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में 8 से 11 जून तक लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 10 जून तक 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, हालांकि इसके बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
तेज हवाओं और आंधी-तूफान का भी खतरा बना हुआ है। दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे पेड़ गिरने, बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव, यातायात बाधित होने और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की चेतावनी दी है। लोगों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है।