IMD Heavy Rain Alert: 19+ राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट, 50-60kmph स्पीड से टकराएगा बवंडर, 1 जून तक ऐसा रहेगा मौसम

IMD Heavy Rain Alert: बिहार में 26 मई को गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि होने की प्रबल आशंका है। इसके अलावा 26, 27 और 29 मई को बिहार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का भी अलर्ट है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 26-27 मई को भारी बारिश होने की संभावना है। झारखंड में अगले 7 दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा

अपडेटेड May 26, 2026 पर 3:14 PM
Story continues below Advertisement
Weather Update: उत्तर और मध्य भारत के कई इलाके भीषण हीटवेव से तप रहे हैं, लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं

देशभर के मौसम में इस समय जबरदस्त उथल-पुथल देखने को मिल रही है। एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत के कई इलाके भीषण गर्मी और लू से तप रहे हैं। दूसरी तरफ भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपनी ताजा दोपहर की बुलेटिन में देश के 19 से अधिक राज्यों के लिए एक बहुत बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में देश के एक बड़े हिस्से में आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश का दौर देखने को मिलेगा।

आईएमडी के मुताबिक देश के अलग-अलग हिस्सों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाला बवंडर यानी अंधड़ सीधे जमीन से टकराएगा। कुछ राज्यों में तो इसकी स्पीड बढ़कर 70 से 80 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। इसी बीच साउथवेस्ट मानसून की रफ्तार भी लगातार बढ़ रही है। मानसून अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। अगले 2 से 3 दिनों में इसके और आगे जाने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। इस मजबूत वेदर सिस्टम के कारण 1 जून तक देश का मौसम पूरी तरह बदला रहेगा।

इस समय दक्षिण बिहार और उसके आस-पास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके साथ ही दक्षिण बिहार से लेकर उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ़ लाइन सक्रिय है। असम और पंजाब के ऊपर भी वेदर सिस्टम बने हुए हैं। इसके अलावा 28 मई से एक ताजा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने जा रहा है। इन सभी कारणों से 1 जून तक देश के अलग-अलग रीजन्स में मौसम का हाल कुछ इस तरह रहने वाला है-


पूर्वोत्तर भारत: मूसलाधार और बहुत भारी बारिश

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में 1 जून तक लगातार भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। असम और मेघालय में आज 26 मई को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इसके बाद 27-28 मई, 31 मई और 1 जून को भी अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। अरुणाचल प्रदेश में 26 मई, कल 27 मई और फिर 1 जून को भारी बारिश का अलर्ट है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 26-27 मई, 31 मई और 1 जून को भारी बारिश होने का अनुमान है।

दक्षिण भारत और द्वीप समूह: आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट

केरल, माहे और लक्षद्वीप में 26 मई को भारी बारिश का अलर्ट है। साथ ही 26 से 28 मई के दौरान बिजली कड़कने और 40-50 किमी प्रति घंटे की आंधी के साथ व्यापक बारिश होगी। 26 मई को तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश होगी। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 27 मई को भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 26 से 31 मई के दौरान भारी बारिश दर्ज की जाएगी।

पूर्वी भारत: ओलावृष्टि और भारी बारिश का अलर्ट

बिहार में 26 मई को गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि होने की प्रबल आशंका है। इसके अलावा 26, 27 और 29 मई को बिहार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का भी अलर्ट है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 26-27 मई को भारी बारिश होने की संभावना है। झारखंड में अगले 7 दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा।

70 से 80 kmph की स्पीड से टकराएगा खतरनाक बवंडर

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में देश के कई राज्यों में मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक रूप दिखाएगा, जहां बेहद तेज रफ्तार से अंधड़ आने की आशंका है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में 28 और 29 मई को 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से खतरनाक बवंडर टकराएगा। इसकी स्पीड बढ़कर 80 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है। उत्तर प्रदेश में 28 और 30 मई को भी 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके अलावा 28-29 मई को यूपी और राजस्थान में धूलभरी आंधी चलने का भी अलर्ट है।

बिहार में 29 मई को 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तबाही मचाने वाला बवंडर आ सकता है। आज 26 मई और कल 27 मई को भी यहां 50-60 किमी प्रति घंटे की स्पीड से अंधड़ चलेगा। गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में 27 से 29 मई के दौरान और ओडिशा में 26, 29 व 30 मई को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बवंडर टकराएगा। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और राजस्थान में 28 और 29 मई को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की चेतावनी है।

उत्तर-पश्चिम भारत में भारी ओलावृष्टि का अलर्ट

नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में ओले गिरने का स्पेशल अलर्ट जारी किया गया है। 28 और 29 मई को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी ओलावृष्टि होने की आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 मई को ओले गिर सकते हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, कोंकण व गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात में भी अलग-अलग दिनों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

इन जगहों पर 28 मई तक जारी रहेगा भीषण लू का टॉर्चर

एक तरफ जहां आंधी-बारिश का अलर्ट है, वहीं दूसरी तरफ मैदानी इलाकों में 28 मई तक सूरज का कड़ा सितम जारी रहेगा। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में आज और कल (26-27 मई) भीषण से अति भीषण लू चलने का डेंजरस अलर्ट है। पंजाब में 27 मई को भीषण लू चलेगी। पश्चिमी राजस्थान में 26 से 28 मई तक, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 26-27 मई और पूर्वी मध्य प्रदेश में 26 से 28 मई के दौरान गंभीर लू की स्थिति बनी रहेगी।

छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और झारखंड में 26 से 28 मई के बीच तीव्र लू का प्रकोप बना रहेगा। इसके बाद 29 मई से तापमान में बड़ी गिरावट आएगी और लू से राहत मिलेगी। सौराष्ट्र व कच्छ, कोंकण, तमिलनाडु, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में उमस भरी चिपचिपी गर्मी परेशान करेगी। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, एमपी, विदर्भ, तेलंगाना और ओडिशा में 26 और 27 मई को रातें भी बेहद गर्म रहने वाली हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।