Heavy Rain Alert: अगले पांच दिनों तक जमकर बरसेंगे बदरा, मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

Heavy Rain Alert: आईएमडी के अनुसार, अगले 5 दिनों तक दक्षिण भारत और उससे सटे मध्य भारत के कई हिस्सों में गरज और बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में अगले 3 दिनों तक कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

अपडेटेड May 13, 2025 पर 9:24 PM
Story continues below Advertisement
Weather Forecast: अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।

Heavy Rain Alert: उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि, अगले पांच दिनों तक देश के कई इलाकों में जमकर बारिश होगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को ये भी बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ क्षेत्रों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंच जाने की घोषणा की। आईएमडी ने कहा कि ‘दक्षिण-पश्चिम मानसून 13 मई को बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी भाग, अंडमान सागर के दक्षिणी भाग, निकोबार द्वीप समूह और उत्तरी अंडमान सागर के कुछ भागों में आगे बढ़ गया है।’

अगले पांच दिनों तक होगी झमाझम बारिश

आईएमडी के अनुसार, अगले 5 दिनों तक दक्षिण भारत और उससे सटे मध्य भारत के कई हिस्सों में गरज और बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में अगले 3 दिनों तक कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, पूर्वोत्तर भारत में भी अगले 5 दिनों के दौरान गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।


इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल

आईएमडी ने उत्तर-पश्चिम भारत के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। 13 मई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में, 14 मई को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और 16-17 मई को हिमाचल प्रदेश में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने मुंबई और उसके आसपास के जिलों जैसे ठाणे, रायगढ़ और पालघर के लिए मंगलवार और बुधवार को येलो अलर्ट जारी किया है। 14 मई को कोंकण और गोवा में, जबकि 14 से 16 मई तक मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। साथ ही, 14 मई को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं।

आंधी का भी अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, 14 मई को छत्तीसगढ़ में आंधी, बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 14 से 16 मई के बीच मध्य प्रदेश, 13 से 15 मई तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, 13 और 14 मई को गंगीय पश्चिम बंगाल, 16 मई को झारखंड, 13 मई को विदर्भ, 13 से 15 मई तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, 14 से 16 मई तक बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

दक्षिण भारत में ऐसा रहेगा मौसम

14 से 16 मई को केरल, कर्नाटक में तमिलनाडु, पुदुचेरी, कराईकल और रायलसीमा में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 13 और 16 मई को तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी ऐसे ही मौसम की संभावना है, जहां हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। वहीं, 15 और 16 मई को तमिलनाडु, पुदुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र, यनम, रायलसीमा और आंतरिक कर्नाटक में, 13 मई को लक्षद्वीप में और 13 से 16 मई के बीच तटीय कर्नाटक में बिजली गिरने की आशंका है, जहां हवाएं 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।

नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में होगी जोरदार बारिश 

आईएमडी के मुताबिक अगले चार दिनों में पूर्वोत्तर भारत में तेज़ हवाओं, गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है, जबकि 13 मई को असम और मेघालय में यह रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। 13 से 16 मई के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में, और 13 से 15 मई के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, 13 और 14 मई को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में और 13 मई को त्रिपुरा में बहुत भारी बारिश हो सकती है। खासतौर पर 13 मई को मेघालय के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है।

इन राज्यों में रहेगा हीटवेव का असर

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 7 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत और गुजरात में दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, मध्य भारत में भी अगले हफ्ते के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी का अनुमान है। इसके अलावा, अगले तीन दिनों में झारखंड और ओडिशा के उत्तरी अंदरूनी इलाकों में भी तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि, पश्चिम बंगाल, झारखंड और 14-15 मई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में लू चल सकती है। इसके अलावा, 15 से 18 मई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में, और 14 से 18 मई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी लू के आसार हैं। 13 मई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।