IMD Heavy Rain Alert: इन 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, देश के 21 राज्यों में आएगा आंधी-तूफान! 28 जून तक ऐसा रहेगा मौसम

IMD के मुताबिक अगले 48 घंटों के भीतर मानसून की हवाएं मुंबई समेत महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बचे हुए इलाकों को पूरी तरह कवर कर लेंगी। इस मौसमी बदलाव के चलते मौसम विभाग ने देश के 14 राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है

अपडेटेड Jun 22, 2026 पर 3:16 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Heavy Rain Alert: देश के 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है

IMD Weather Update Today: देश भर में मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देशभर के मौसम को लेकर अपना वेदर बुलेटिन जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आज महाराष्ट्र, तेलंगाना, शेष कर्नाटक, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों में अपनी दस्तक दे दी है। IMD के मुताबिक अगले 48 घंटों के भीतर मानसून की हवाएं मुंबई समेत महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बचे हुए इलाकों को पूरी तरह कवर कर लेंगी।

इस मौसमी बदलाव के चलते मौसम विभाग ने देश के 14 राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 21 राज्यों में आंधी-तूफान और वज्रपात का तांडव देखने को मिलेगा। आइए जानते हैं 28 जून तक देश भर में कैसा रहेगा मौसम का हाल।

इन 14 राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट


मौसम विभाग ने देश के अलग-अलग कोनों में एक्टिव चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) और ट्रफ लाइनों के प्रभाव से अगले एक हफ्ते तक इन 14 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है:-

मेघालय में 20 सेंटीमीटर से अधिक यानी बेहद भारी बारिश होने का रेड अलर्ट है। बीते 24 घंटे में भी यहां 12 से 20 सेमी बारिश दर्ज की गई है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 22-23 जून और फिर 26-28 जून के दौरान भीषण से बहुत भारी बारिश की आशंका है। पिछले 24 घंटे में यहां रिकॉर्डतोड़ 221 सेमी तक की अत्यंत भारी बारिश दर्ज की जा चुकी है।

अरुणाचल प्रदेश (22 जून को बहुत भारी) और असम में (23 जून को बहुत भारी) बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 22-23 जून और 26-28 जून के बीच भारी बारिश होगी। बिहार में 22-23 जून और 27-28 जून को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। ओडिशा में 22 से 25 जून तक लगातार भारी बारिश होगी।

कोंकण और गोवा में 22 से 28 जून तक पूरे हफ्ते भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा तटीय कर्नाटक (26-27 जून को बहुत भारी बारिश), केरल व माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना और गुजरात व मध्य महाराष्ट्र में अलग-अलग दिनों में भारी बारिश का अलर्ट है।

देश के 21 राज्यों में आएगा आंधी-तूफान, थंडरस्क्वाल का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक देश के वायुमंडल में बने अलग-अलग सिस्टम्स (जैसे पंजाब और हरियाणा के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन और राजस्थान से बिहार तक फैली सीजनल ट्रफ) की वजह से 21 राज्यों में 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान और थंडरस्क्वाल आने की आशंका है-

राजस्थान में थंडरस्क्वाल: 22 और 23 जून को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 50-60 किमी/घंटे (झोंके 70 किमी/घंटे) की रफ्तार से प्रचंड थंडरस्क्वाल (तीव्र आंधी) चलने की चेतावनी है। इसके बाद 25-28 जून तक तेज हवाएं चलती रहेंगी।

बिहार और झारखंड में झंझावात: आज (22 जून) और फिर 25 जून को बिहार और झारखंड में 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार वाला विनाशकारी थंडरस्क्वाल आने का कड़ा अलर्ट है।

दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा: दिल्ली, नई दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में 22 से 26 जून तक लगातार गरज-चमक और 40-50 किमी/घंटे (झोंके 60 किमी/घंटे) की रफ्तार से धूलभरी आंधी और तेज हवाएं चलेंगी।

हिमाचल और जम्मू में ओले गिरेंगे: आज (22 जून) जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में आंधी-तूफान के साथ ओले गिरने की आशंका है। उत्तराखंड में भी 25 जून तक तेज आंधी का अलर्ट है।

मध्य, पश्चिम और दक्षिण भारत: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अंडमान निकोबार, गुजरात, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, मारथवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, तमिलनाडु और कर्नाटक (आंतरिक हिस्सों समेत) में 22 से 26 जून के बीच 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और आकाशीय बिजली कड़कने का अलर्ट है।

यूपी समेत इन 5 राज्यों में हीटवेव का असर

एक तरफ जहां मानसून आगे बढ़ रहा है। वहीं देश के मध्य और उत्तर-प्रायद्वीपीय भागों में अगले 5 दिनों तक भीषण गर्मी और हीटवेव का प्रकोप बना रहेगा। बीते 24 घंटे में देश का सबसे अधिकतम तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 42.6°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि विदर्भ में अगले 4-5 दिनों (22 से 26 जून) तक भीषण से बेहद भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी। यहां रातें भी बेहद गर्म रहने वाली हैं।

पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले 4-5 दिनों तक लू का सितम जारी रहेगा। छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन (22-23 जून) और झारखंड में 24-25 जून को लू चलेगी। तेलंगाना में भी आज लू का असर रहा।

उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 23 से 26 जून के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3°C की और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, महाराष्ट्र में 26 जून तक तापमान 2-3°C गिरेगा और मध्य भारत में 27-28 जून को तापमान में 2-4°C की बड़ी गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।