IMD Heavy Rain Alert: इन 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-यूपी से बिहार में भी फुहारें बाकी जगह आंधी-तूफान! 30 जून तक ऐसा रहेगा मौसम
IMD Heavy Rain Alert: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब देश के कई और राज्यों में अपनी रफ्तार बढ़ा दी है। मौसम विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन जारी कर बताया है कि मानसून 24 जून को गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई नए इलाकों में प्रवेश कर चुका है
MoneyControl News
अपडेटेड Jun 24, 2026 पर 2:52 PM
IMD Heavy Rain Alert: देश के15 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी हुआ है
IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में चिलचिलाती गर्मी और उमस के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राहत भरी खबर दी है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब देश के कई और राज्यों में अपनी रफ्तार बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी कर बताया है कि मानसून 24 जून को गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई नए इलाकों में प्रवेश कर चुका है। इसके साथ ही अगले 2-3 दिनों में देश के करीब 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर के अलावा यूपी-बिहार तक कई इलाकों में हल्की बारिश और आंधी-तूफान और धूल भरी आंधी चलने की आशंका है। 30 जून तक देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है, आइए जानते हैं मौसम विभाग की इस विस्तृत रिपोर्ट में:-
मानसून की मौजूदा स्थिति और अगला पड़ाव
मौसम विभाग के मुताबिक 24 जून को मानसून पूर्वोत्तर अरब सागर, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र के बचे हुए इलाकों, तथा छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और बिहार के मोतिहारी से होकर गुजर रही है।
अगले 2 से 3 दिनों में मानसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार के बचे हुए हिस्सों और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल हैं। इसके बाद के अगले 2-3 दिनों में मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों के साथ-साथ उत्तराखंड के कुछ इलाकों को भी कवर कर लेगा।
उत्तर-पश्चिम भारत: दिल्ली-यूपी में आंधी-तूफान और बारिश
उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में 30 जून तक मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे:-
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब: इन राज्यों में 24 से 26 जून और फिर 29-30 जून के दौरान छिटपुट से लेकर हल्की बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से 24 जून को दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ थंडरस्कॉलआने की आशंका है।
उत्तर प्रदेश: पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24-25 जून और 28-29 जून को जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 24-25 जून और 29-30 जून को छिटपुट बारिश होगी।30 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक रूप से भारी बारिश का अनुमान है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश: इन पहाड़ी राज्यों में 24 से 28 जून तक हल्की से मध्यम बारिश होगी जबकि 29 और 30 जून को उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
राजस्थान: पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 24 से 30 जून तक बारिश का दौर जारी रहेगा। 24 और 25 जून को पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी और थंडरस्कॉल चलने की आशंका है।
मध्य और पूर्वी भारत: बिहार-झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी
बिहार और झारखंड: बिहार में 24 से 27 जून और फिर 29-30 जून को छिटपुट बारिश होगी जबकि 28 जून को राज्य के कई हिस्सों में व्यापक बारिश दर्ज की जा सकती है। वहीं झारखंड में 25 से 27 जून और 29-30 जून के दौरान भारी बारिश की संभावना है जबकि 28 जून को झारखंड में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। 24 से 26 जून के बीच बिहार में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिम बंगाल और सिक्किम: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 24 से 30 जून तक लगातार व्यापक बारिश होगी। मौसम विभाग ने 27 और 28 जून को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। गांगेय पश्चिम बंगाल में भी 24 जून को थंडरस्कॉल की चेतावनी है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ: मध्य प्रदेश में 24 से 30 जून तक बारिश जारी रहेगी। 24 जून को भारी बारिश और थंडरस्कॉल की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 26 से 29 जून के बीच और विदर्भ में 24-25 जून व 27-28 जून के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 24 और 25 जून को इन क्षेत्रों में गंभीर बिजली चमकने की भी आशंका है।
ओडिशा: ओडिशा में 24 से 29 जून के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
पश्चिम, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत का हाल
महाराष्ट्र और गुजरात: कोंकण और गोवा में 24 से 30 जून तक व्यापक बारिश होगी। 24 और 27 जून को बहुत भारी बारिश का अनुमान है। मध्य महाराष्ट्र में भी 24 जून को भारी से बहुत भारी बारिश और 81-135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाएं दर्ज की गई हैं। गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में 24 जून को भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट था। इसके बाद 30 जून तक छिटपुट बारिश जारी रहेगी।
पूर्वोत्तर भारत: अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 24 से 30 जून तक लगातार व्यापक वर्षा होगी। इस दौरान असम और मेघालय में 26 से 28 जून के बीच बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
दक्षिण भारत: तटीय कर्नाटक और तेलंगाना में 24 से 30 जून तक लगातार भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भी 27 से 30 जून के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
अभी गर्मी से राहत नहीं: इन राज्यों में हीट वेव का अलर्ट
भले ही मानसून आगे बढ़ रहा है, लेकिन देश के कुछ हिस्सों में अभी भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा:-
पूर्वी उत्तर प्रदेश: यहां अगले 4 से 5 दिनों तक (24 से 28 जून) अलग-अलग इलाकों में लू की स्थिति बनी रहेगी। बीते 24 घंटों में उत्तर प्रदेश का बांदा जिला 43.8°C तापमान के साथ देश में सबसे गर्म रहा।
बिहार और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश: बिहार में 24-25 जून और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश में 25 जून को हीट वेव का प्रकोप देखने को मिल सकता है।