भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न चक्रवाती परिसंचरणों के असर के चलते देश के 25 राज्यों में अलग अलग समय पर 7 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाला थंडरस्क्वाल (Thundersquall) आ सकता है। इसके झोंके 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत: पहाड़ों पर ओले और मैदानों में आंधी
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिन मौसम बेहद खराब रहने वाला है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में इन राज्यों में 7 मई तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ बिजली कड़कने की संभावना है। 3 से 5 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में ओलावृष्टि का भी अलर्ट है।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 2 से 7 मई तक बारिश के आसार हैं। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 4 से 6 मई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 से 7 मई के बीच तेज हवाओं (30-40 Km/घंटा) के साथ बारिश हो सकती है। पूरे राजस्थान में 1 मई से 7 मई तक धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
पूर्वी भारत: 70kmph की रफ्तार से आएगा थंडरस्क्वाल
पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। बिहार, झारखंड और ओडिशा में 5 से 7 मई तक बारिश का दौर चलेगा। 1 मई को झारखंड और ओडिशा में 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। बिहार में 4 मई को तीव्र तूफान का अलर्ट है। ओडिशा में 1 मई को ओले गिरने की भी संभावना है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 1 और 2 मई को बहुत भारी बारिश हो सकती है। 1, 3 और 4 मई को यहां 70 किमी/घंटा की रफ्तार वाला बवंडर आ सकता है।
पूर्वोत्तर भारत: भारी बारिश का सिलसिला जारी
असम, मेघालय और अरुणाचल में 1 से 4 मई और फिर 6-7 मई को भारी बारिश का अलर्ट है। असम और मेघालय में 1 से 3 मई के बीच बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 मई तक अलग अलग समय व्यापक बारिश होगी।
मध्य और दक्षिण भारत: यहां भी बदलेगा मौसम
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक हल्की बारिश और 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। छत्तीसगढ़ में 3 और 4 मई को 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफान आने की आशंका है। विदर्भ में 3 से 5 मई के बीच मौसम खराब रहेगा।
केरल, माहे, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 4 मई तक भारी बारिश की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 1, 4 और 5 मई को 70 किमी/घंटा की रफ्तार से थंडरस्क्वाल आने की चेतावनी दी गई है। तेलंगाना, रायलसीमा और कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों में भी 5 मई तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा।