IMD Heavy Rain Alert: इन 14 राज्यों में आंधी-तूफान संग भारी बारिश का अलर्ट! आएगा 60kmph स्पीड वाला बवंडर, 25 मई तक ऐसा रहेगा मौसम

IMD Heavy Rain Alert: इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने देश के 14 से अधिक राज्यों के लिए 25 मई तक भारी बारिश, कड़कती बिजली और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाले भीषण बवंडर (Thundersquall) का अलर्ट जारी किया है। कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है

अपडेटेड May 19, 2026 पर 2:38 PM
Story continues below Advertisement
IMD Heavy Rain Alert: देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है

IMD Heavy Rain Alert: देश में मौसम के मिजाज में जबरदस्त उथल-पुथल मची हुई है। एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत के कई इलाके भीषण 'लू' की भट्टी में तप रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ मानसून की मजबूत होती स्थिति और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 14 से अधिक राज्यों के लिए 25 मई तक भारी बारिश, कड़कती बिजली और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाले भीषण बवंडर (Thundersquall) का अलर्ट जारी किया है।

IMD की लेटेस्ट वेदर बुलेटिन के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बने मानसूनी सिस्टम के कारण देश के बड़े हिस्से में मौसम खराब रहने वाला है। 25 मई तक कई राज्यों में लोकल फ्लडिंग (जलभराव) और लैंडस्लाइड (भूस्खलन) तक का खतरा मंडरा रहा है।

इन राज्यों में आएगा 60kmph का भीषण बवंडर


मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं (झोंके 70 किमी/घंटा तक) का अलर्ट जारी किया है:-

बिहार और झारखंड: बिहार में 19 मई, 20 और 23 मई को, जबकि झारखंड में 20 और 23 मई को खतरनाक बवंडर आने की आशंका है।

पश्चिम बंगाल और ओडिशा: गंगा तटीय पश्चिम बंगाल में 19 एवं 20 मई को और ओडिशा में 19 से 21 मई के बीच भीषण अंधड़ चलने का अनुमान है।

आंध्र प्रदेश और कर्नाटक: तटीय आंध्र प्रदेश, यनाम और रायलसीमा में 19 से 23 मई तक, जबकि आंतरिक कर्नाटक में आज (19 मई) तूफानी हवाएं चलेंगी।

जम्मू-कश्मीर: उत्तर भारत के पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर में भी 19 मई और 21 मई को 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।

केरल समेत इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

अगले 6 दिनों के दौरान दक्षिण भारत से लेकर पूर्वोत्तर के राज्यों तक मूसलाधार बारिश होने वाली है:-

केरल और तमिलनाडु: केरल, माहे, तटीय एवं दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में 19 से 21 मई के बीच भारी बारिश होगी।

पूर्वोत्तर भारत: असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 22 से 25 मई के बीच बारिश का कहर बढ़ेगा। अरुणाचल प्रदेश (23 व 24 मई) और असम-मेघालय में (23 से 25 मई) अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है।

पश्चिम बंगाल और सिक्किम: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 21 से 25 मई के बीच भारी बारिश होगी, जबकि 22 और 23 मई को यहां बेहद भारी बारिश का अनुमान है। अंडमान-निकोबार में पूरे सप्ताह भारी बारिश जारी रहेगी।

उत्तर-मध्य भारत में भीषण लू का अलर्ट

बारिश और तूफान के बीच, उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों को अभी कोई राहत नहीं मिलने वाली है:-

यूपी और एमपी: पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 25 मई तक भीषण लू का कहर जारी रहेगा। पूर्वी यूपी और विदर्भ में 21 मई तक भीषण लू चलेगी। यूपी, एमपी और विदर्भ में रातें भी बेहद गर्म रहेंगी।

दिल्ली, पंजाब और हरियाणा: दिल्ली-एनसीईआरटी, पंजाब और हरियाणा में 25 मई तक लू की स्थिति बनी रहेगी। 19-20 मई को कुछ पॉकेट्स में सीवियर हीटवेव दर्ज की जा सकती है।

इन राज्यों में भी अलर्ट: राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मारथवाड़ा, ओडिशा और हिमाचल-उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी 23 से 25 मई के बीच अलग-अलग दिनों में लू चलेगी।

भारी बारिश से हो सकता है नुकसान! IMD की चेतावनी

मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले इलाकों के लिए इंपैक्ट एडवाइजरी जारी की है। इसके मुताबिक शहरी इलाकों में जलभराव और सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या हो सकती है। भारी बारिश की वजह से विजिबिलिटी कम हो सकती है। पहाड़ी इलाकों (खासकर पूर्वोत्तर और सिक्किम) में लैंडस्लाइड (भूस्खलन) और मडस्लाइड का खतरा है। कच्चे मकानों और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।

आईएमडी की सलाह

घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर चेक करें और जलभराव वाले रास्तों पर जाने से बचें। कमजोर या जर्जर इमारतों में रहने वाले लोग सावधान रहें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।