IMD Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ताजा पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न चक्रवाती परिसंचरणों के प्रभाव के चलते देश के 26 राज्यों में 5 मई तक भारी बारिश और थंडरस्क्वॉल की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ राज्यों में हवाओं की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जो जान-माल के लिए खतरा पैदा कर सकती है।
उत्तर-पश्चिम भारत: पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में 6 मई तक मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में में 2 से 6 मई के बीच व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 30 अप्रैल से 6 मई के बीच रुक-रुक कर बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 अप्रैल को ओलावृष्टि (Hailstorm) का अलर्ट है। साथ ही 30 अप्रैल और 4 से 6 मई के दौरान पूरे प्रदेश में धूल भरी आंधी और बारिश हो सकती है। पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में 2 मई से 6 मई के बीच थंडरस्टॉर्म और हल्की बारिश के आसार हैं।
IMD के आधिकारिक एक्स हैंडल पर देखिए पूरा अलर्ट
पूर्व और मध्य भारत: 70kmph की रफ्तार से आएगा 'थंडरस्क्वॉल'
पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों में मौसम विभाग ने 'थंडरस्क्वॉल' (तेज तूफान) की चेतावनी दी है। बिहार, झारखंड और ओडिशा जैसे राज्यों में अगले 7 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। बिहार में 2 मई को, जबकि झारखंड और ओडिशा में 30 अप्रैल को 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। झारखंड और ओडिशा में 30 अप्रैल को ओले गिरने की भी आशंका है।
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 1 और 2 मई को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। यहां 1 मई को 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफान आ सकता है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक बारिश जारी रहेगी। छत्तीसगढ़ में 30 अप्रैल को ओलावृष्टि और 4 मई को 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफान आने की आशंका है। विदर्भ में भी 2 से 4 मई के बीच मौसम खराब रहेगा।
पूर्वोत्तर भारत: भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले 5-6 दिनों तक व्यापक वर्षा का अनुमान है। असम और मेघालय में 2 और 3 मई को बहुत भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 30 अप्रैल और 1 मई को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा: इन चार राज्यों में 30 अप्रैल से 2 मई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
दक्षिण भारत: केरल और कर्नाटक में ओलावृष्टि
दक्षिण भारतीय प्रायद्वीप में भी मानसून पूर्व की फुहारें राहत देंगी। केरल, माहे और तमिलनाडु में 30 अप्रैल से 2 मई के बीच भारी बारिश का अनुमान है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 30 अप्रैल और 1 मई को ओलावृष्टि (Hailstorm) के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तरी और तटीय कर्नाटक में भी 1 मई तक बिजली कड़कने के साथ तेज बारिश होगी। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 30 अप्रैल को 70 किमी/घंटा की रफ्तार से थंडरस्क्वॉल आने की आशंका है। तेलंगाना और रायलसीमा में भी 4 मई तक बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। वहीं, लक्षद्वीप में 30 अप्रैल और 1 मई को हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
सावधानी की अपील: IMD ने तूफानी हवाओं और ओलावृष्टि के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली के खंभों व पेड़ों से दूर रहने की सलाह दी है।