IMD Heavy Rain Alert: इन 13+ राज्यों में 40-50kmph रफ्तार वाले अंधड़ के साथ भारी बारिश का अलर्ट, 27 मई तक ऐसा रहेगा मौसम

IMD Heavy Rain Alert: मौसम विभाग के मुताबिक, देश के 13 से अधिक राज्यों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से धूलभरी आंधी-तूफान और 60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार वाले खतरनाक अंधड़ (Thundersquall) के साथ भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में प्रचंड हीटवेव का दौर भी जारी रहेगा। राहत की बात यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 3-4 दिनों में यह बंगाल की खाड़ी के और हिस्सों तथा अरब सागर में आगे बढ़ जाएगा

अपडेटेड May 21, 2026 पर 3:20 PM
Story continues below Advertisement
देशभर के मौसम में इस समय जबरदस्त उथल-पुथल मची हुई है।

देशभर के मौसम में इस समय जबरदस्त उथल-पुथल मची हुई है। एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाके भीषण गर्मी और सीवियर हीटवेव की आग में तप रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ देश के एक बड़े हिस्से पर आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश का संकट मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा दोपहर के वेदर बुलेटिन में 21 मई से लेकर आगामी 27 मई तक के लिए बेहद चौंकाने वाला डबल अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, देश के 13 से अधिक राज्यों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से धूलभरी आंधी-तूफान और 60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार वाले खतरनाक अंधड़ (Thundersquall) के साथ भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में प्रचंड हीटवेव का दौर भी जारी रहेगा। राहत की बात यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 3-4 दिनों में यह बंगाल की खाड़ी के और हिस्सों तथा अरब सागर में आगे बढ़ जाएगा।

मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी मिड-डे बुलेटिन के अनुसार, देश के अलग-अलग कोनों में कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ़ लाइन एक्टिव हैं। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर मणिपुर तक एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ़ लाइन बनी हुई है। यह बिहार, झारखंड और बंगाल से होकर गुजर रही है। इसके चलते देश के बड़े हिस्से में आंधी-बारिश का तांडव देखने को मिलेगा। आइए जानते हैं 27 मई तक का पूरा राज्यवार और क्षेत्रवार पूर्वानुमान-

इन राज्यों में आएगा खतरनाक बवंडर (Thundersquall Warning)


अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में हवा की रफ़्तार डराने वाली होगी। आईएमडी के मुताबिक-

  • तटीय आंध्र प्रदेश और यनाम: यहां 21 से 25 मई तक लगातार 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार वाला अंधड़ (Thundersquall) आने की आशंका है, जिसके झोंके 70 किमी प्रति घंटे तक जा सकते हैं।
  • आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा: आंतरिक कर्नाटक में 22 से 25 मई और रायलसीमा में 22 से 24 मई के बीच खतरनाक अंधड़ चलेगा।
  • बिहार और झारखंड: बिहार में आज (21 मई) और 23 मई को, जबकि झारखंड में 23 और 24 मई को 60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से बवंडर आ सकता है।
  • पश्चिम बंगाल और ओडिशा: गंगा तटीय पश्चिम बंगाल में आज और कल (21-22 मई) तथा जम्मू-कश्मीर में भी आज और कल भीषण अंधड़ चलने का अलर्ट है।

पूर्वोत्तर भारत में अति भारी बारिश का अलर्ट

  • असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश: इन राज्यों में 23 से 25 मई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा 21, 22, 26 और 27 मई को भी इन इलाकों में भारी बारिश जारी रहेगी।
  • नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा: यहां 23 से 25 मई के दौरान भारी बारिश होगी, जबकि त्रिपुरा में आज (21 मई) भी भारी बारिश का अलर्ट है।

दक्षिण और पूर्वी भारत: मानसून की दस्तक से पहले मूसलाधार

  • केरल और माहे: केरल में आज (21 मई) भारी बारिश होगी। इसके बाद 24 से 27 मई के बीच फिर से मूसलाधार बारिश का नया दौर शुरू होगा।
  • तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल: यहां आज से लेकर 27 मई तक लगातार अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।
  • पश्चिम बंगाल और सिक्किम: यहां आज और कल (21-22 मई) तथा 24 मई को भारी से बहुत भारी बारिश होगी। वहीं 25 से 27 मई के बीच भी भारी बारिश का अलर्ट है।
  • अंडमान-निकोबार द्वीप समूह: यहां 21 और 22 मई को भारी बारिश के साथ 27 मई तक लगातार आंधी-पानी का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा बिहार में 24 मई को भारी बारिश का अनुमान है।

उत्तर-पश्चिम भारत: ओलावृष्टि और धूलभरी आंधी

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में आज और कल (21-22 मई) अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि होने की आशंका है।

पंजाब और राजस्थान: पंजाब में आज और कल (21-22 मई) तथा पश्चिमी राजस्थान में 22 मई को धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड में भी 22-23 मई को आंधी-बारिश की संभावना है।

दूसरी तरफ लू का महाटॉर्चर: इन राज्यों में भयानक हीटवेव का रेड अलर्ट

जहां आधा देश आंधी-बारिश से रू-ब-रू हो रहा है, वहीं उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में सूरज की आग 27 मई तक लगातार लोगों को झुलसाती रहेगी:

  • दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़: इन इलाकों में 21 से 27 मई तक लगातार भीषण लू का सबसे खतरनाक दौर देखने को मिलेगा। इसके साथ ही आज और कल यहां रातें भी बेहद गर्म रहने वाली हैं।
  • उत्तर प्रदेश: पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 से 27 मई के बीच भीषण लू चलेगी, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 27 मई तक लगातार लू का प्रकोप बना रहेगा। यूपी में 23 मई तक रातें भी बहुत गर्म रहेंगी।
  • राजस्थान: पश्चिमी राजस्थान में 25 से 27 मई के बीच भीषण लू का अलर्ट है, जबकि पूर्वी राजस्थान में 21 से 27 मई तक लगातार लू चलेगी।
  • मध्य प्रदेश और विदर्भ: पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 21 से 25 मई तक भीषण लू चलेगी। विदर्भ में 23 मई तक गर्म रातों का भी अलर्ट है।
  • यहां भी चलेगी लू: बिहार और तेलंगाना में 21 से 24 मई, ओडिशा में 21 से 25 मई और झारखंड में 22-23 मई को लू चलेगी। गंगा तटीय पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में उमस भरी गर्मी परेशान करेगी।

मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त चेतावनी

बंगाल की खाड़ी: मन्नार की खाड़ी, कॉमोरीन क्षेत्र और अंडमान सागर के साथ-साथ दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 21 से 25 मई तक 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी। मछुआरों को इन इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है।

अरब सागर: लक्षद्वीप, मालदीव और सोमालिया तट के आस-पास 21 से 26 मई तक मौसम बेहद खराब रहेगा और 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज हवाएं चलेंगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।