IMD heavy rain alert: देश के अलग-अलग इलाकों में भीषण गर्मी की तपिश झेल रहे करोड़ों लोगों के लिए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बड़ी राहत की खबर दी है। अगले 24 से 48 घंटों में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण देश के 25 राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत में 29 अप्रैल से तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी।
इन 25 राज्यों में मौसम विभाग का अलर्ट
IMD के अनुसार, नीचे दिए गए राज्यों में 27 अप्रैल से 2 मई के बीच अलग-अलग समय पर बारिश, तूफान या ओलावृष्टि होगी:-
उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली (NCR), उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल और तेलंगाना में बारिश, तूफान या ओलावृष्टि की आशंका है।
यहां नीचे सुनिए मौसम विभाग का डिटेल मौसम बुलेटिन
उत्तर-पश्चिम भारत (पहाड़ से मैदान तक)
पहाड़ी राज्य: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में 28 अप्रैल से 2 मई के बीच भारी बारिश और बर्फबारी होगी। 28-29 अप्रैल को इन राज्यों में ओलावृष्टि (Hailstorm) का भी अलर्ट है।
मैदानी राज्य: पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 27 अप्रैल की रात से धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू होगी। राजस्थान में 26-29 अप्रैल तक मौसम खराब रहेगा।
पूर्वोत्तर और पूर्व भारत (भारी बारिश की चेतावनी)
असम, मेघालय और अरुणाचल: यहां 27 से 30 अप्रैल के दौरान बहुत ज्यादा भारी बारिश का अलर्ट है।
पश्चिम बंगाल और बिहार: यहां 26 से 28 अप्रैल के बीच 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से 'थंडरस्क्वाल' (तेज अंधड़) चलने की संभावना है। झारखंड और ओडिशा में भी 2 मई तक बारिश का दौर चलेगा।
केरल: यहां 29 अप्रैल से 1 मई के बीच भारी बारिश की संभावना है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़: यहां 27 से 30 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
29 अप्रैल से उत्तर और मध्य भारत में गर्मी का असर कम होने लगेगा। आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में पारा 3-5°C तक गिरेगा, जबकि पूर्वी भारत और महाराष्ट्र में 27 अप्रैल से 1 मई के बीच तापमान में 2-3°C की कमी आएगी। राहत से पहले 27 अप्रैल तक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली के कुछ हिस्सों में लू और गर्म रात की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि तूफान और बिजली कड़कने के समय पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।