IMD Heavy Rain Alert: इन 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, यूपी से बिहार तक 20+ राज्यों में आंधी-तूफान, 20 जून तक ऐसा रहेगा मौसम

IMD Heavy Rain Alert: मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के दौरान देश के 11 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के 20 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। IMD के मुताबिक 20 जून तक देश भर में मौसम की स्थिति ऐसी ही बनी रहने वाली है

अपडेटेड Jun 14, 2026 पर 3:50 PM
IMD Heavy Rain Alert: मौसम विभाग ने देश के 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है

IMD Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के मौसम को लेकर एक बड़ा और विस्तृत बुलेटिन जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसके चलते देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के दौरान देश के 11 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के 20 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 20 जून तक देश भर में मौसम की स्थिति ऐसी ही बनी रहने वाली है।

मानसून की उत्तरी सीमा (NLM) इस समय हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राद्री कोठागुडेम, कलिंगपट्टनम, पारादीप, बारीपदा, पुरुलिया, धनबाद और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। अगले 4 से 5 दिनों के भीतर इसके महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं।

इन 11 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश


मौसम विभाग ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। प्रभावित होने वाले मुख्य 11 राज्य इस प्रकार हैं:-

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम: यहां 14-15 जून और 20 जून को भारी बारिश होगी। 16 से 19 जून के बीच बेहद भारी बारिश का अलर्ट है। गांगेय पश्चिम बंगाल में भी 14 जून को भारी बारिश का अनुमान है।

असम और मेघालय: इन राज्यों में 14 से 16 जून और फिर 20 जून को भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, 17 से 19 जून के दौरान यहां मूसलाधार बारिश होने की आशंका है।

अरुणाचल प्रदेश: यहां 15-16 जून और 19-20 जून को भारी बारिश हो सकती है। जबकि 17 और 18 जून को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा: इन पूर्वोत्तर राज्यों में 14 और 15 जून को भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

ओडिशा: ओडिशा के कई हिस्सों में 14 जून को भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।

बिहार: बिहार में मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही 16 जून को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

केरल और माहे: दक्षिण भारत के इस क्षेत्र में 14 जून को भारी बारिश का अनुमान है।

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल: इन क्षेत्रों में 16 और 17 जून को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

कर्नाटक: तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 17-18 जून को, जबकि दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 16 से 18 जून के बीच भारी बारिश का अलर्ट है।

तेलंगाना: तेलंगाना में 18 से 20 जून के दौरान भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

आंध्र प्रदेश (तटीय क्षेत्र): मानसून की सक्रियता के चलते तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।

यूपी-बिहार समेत 20+ राज्यों में आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग ने देश के अलग-अलग हिस्सों में हवा की तेज गति और आंधी-तूफान को लेकर विस्तृत चेतावनी जारी की है। इससे 20 से अधिक राज्य प्रभावित होंगे:-

उत्तर प्रदेश: पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 और 15 जून को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार (जो बढ़कर 70 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है) से चलने वाली तेज आंधी और बिजली कड़कने की चेतावनी है। इसके बाद 18 से 20 जून के बीच बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 और 15 जून को 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।

बिहार और झारखंड: बिहार में 14-15 जून और 17-18 जून को तेज हवाएं चलेंगी। इसके अलावा 16 जून, 19 जून और 20 जून को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले अंधड़) का अलर्ट है। झारखंड में 14 से 20 जून तक लगातार आंधी-तूफान और बिजली चमकने की आशंका बनी रहेगी।

राजस्थान: राजस्थान में मौसम काफी आक्रामक रहेगा। 14 जून को पूरे राज्य में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है, जबकि 15 जून को हवाओं की रफ्तार 60-70 किमी प्रति घंटे (झोंके 80 किमी प्रति घंटे तक) पहुंच सकती है। पश्चिमी राजस्थान में 14 और 15 जून को धूल भरी आंधीचलने की भी आशंका है। 16 से 20 जून तक राज्य के दोनों हिस्सों में आंधी-तूफान का दौर जारी रहेगा।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़: मध्य प्रदेश में 14 जून को तेज धूल भरी आंधी आ सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 14-15 जून को और पूर्वी मध्य प्रदेश में 14 जून को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने का अनुमान है। इसके बाद 15 से 19 जून तक दोनों संभागों और छत्तीसगढ़ में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

दिल्ली, हरियाणा और पंजाब: दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा में 14 और 15 जून को 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक की संभावना है। पंजाब में 15 जून और फिर 19-20 जून को ऐसा ही मौसम रहेगा।

पहाड़ी राज्य (उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर): जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 14-15 जून और 18-20 जून के दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, महाराष्ट्र (कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा), विदर्भ, गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और कच्छ, आंध्र प्रदेश (तटीय और रायलसीमा), तमिलनाडु और तेलंगाना में भी 14 से 20 जून के बीच अलग-अलग दिनों पर 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान का असर देखने को मिलेगा।

तापमान का हाल: कहीं गर्मी बढ़ेगी, कहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग के मुताबिक देश के कुछ हिस्सों में अभी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी जबकि कुछ हिस्सों में राहत मिलने की उम्मीद है:-

उत्तर-पश्चिम भारत: यहां अधिकतम तापमान में अगले कुछ दिनों में (18 जून तक) 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान स्थिर रहेगा।

मध्य भारत: 16 जून तक अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जाएगी।

महाराष्ट्र और विदर्भ: मराठवाड़ा में 14 से 17 जून के बीच और विदर्भ में 14 से 16 जून के बीच लू की स्थिति बनी रहेगी। महाराष्ट्र में 18 जून तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा लेकिन 19 और 20 जून को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी।

कोंकण और गोवा: यहां 14 से 17 जून के दौरान मौसम काफी गर्म और उमस भरा रहेगा। 14 से 16 जून के दौरान रातें भी काफी गर्म रहने वाली हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।