IMD Heavy Rain Alert: इन राज्यों में 60kmph रफ्तार वाले भयानक तूफान संग भारी बारिश का अलर्ट, 17 मई तक ऐसा रहेगा मौसम

IMD Heavy Rain Alert: मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक देश के कई हिस्सों के मौसम में बड़े बदलाव होने वाले हैं। एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण उत्तर से लेकर दक्षिण तक आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला 17 मई तक जारी रहेगा

अपडेटेड May 11, 2026 पर 3:44 PM
IMD Heavy Rain Alert: देश के कई राज्यों में भयानक तूफान के भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है

IMD Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के सभी राज्यों के लिए मौसम का लेटेस्ट अपडेट जारी किया है। सोमवार (11 मई) को दोपहर में जारी हुई IMD की वेदर बुलेटिन के मुताबिक, 11 मई से 17 मई 2026 के दौरान उत्तर भारत के राज्यों में धूल भरी आंधी और तूफान का तांडव देखने को मिलेगा। वहीं, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, देश के कई हिस्सों के मौसम में बड़े बदलाव होने वाले हैं। एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण उत्तर से लेकर दक्षिण तक आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला 17 मई तक जारी रहेगा।

उत्तर-पश्चिम भारत: 60kmph की आंधी और ओलावृष्टि


उत्तर भारत के मैदानी और पहाड़ी राज्यों में अगले कुछ दिन भारी रहने वाले हैं:-

दिल्ली, पंजाब और हरियाणा: 11 से 15 मई के बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 30-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और बिजली कड़कने के साथ बारिश का अनुमान है।

पहाड़ी राज्यों में ओले: हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आज और कल (11-12 मई) ओले गिरने की संभावना है। उत्तराखंड में 12 और 13 मई को ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश: पश्चिमी यूपी में आज और कल, जबकि पूर्वी यूपी में 12 और 13 मई को तेज आंधी और बारिश की संभावना है।

धूल भरी आंधी: राजस्थान के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में आज और कल धूल भरी आंधी चलने का अलर्ट है।

पूर्वोत्तर भारत: बहुत भारी बारिश का अलर्ट

असम और मेघालय में मानसून पूर्व की बारिश आफत बन सकती है:-

असम और मेघालय: यहां 13 से 17 मई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।

अरुणाचल प्रदेश: यहां 17 मई को अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 15 से 17 मई के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं।

पूर्वी भारत: बिहार में ओले और तूफान

बिहार और झारखंड: बिहार में 12 मई को ओले गिरने की संभावना है। साथ ही बिहार और उत्तराखंड में 12-13 मई को 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से थंडरस्क्वॉल'(भीषण तूफान) आने की चेतावनी दी गई है।

ओडिशा और बंगाल: ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 15 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

दक्षिण भारत: केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश

केरल और माहे: यहां 14 से 17 मई के दौरान भारी बारिश का अलर्ट है।

तमिलनाडु और कर्नाटक: तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 15 और 16 मई को भारी बारिश होने की संभावना है।

भीषण गर्मी और 'लू' का कहर

एक तरफ बारिश का अलर्ट है, तो दूसरी तरफ कई राज्यों में सूरज के तेवर तीखे रहेंगे। पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में 11 से 17 मई तक लू चलने की संभावना है। पश्चिमी एमपी, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 12 से 15 मई के बीच हीटवेव का असर देखने को मिलेगा। राजस्थान के कुछ हिस्सों में 15 मई तक रातें भी काफी गर्म रहने वाली हैं।

ये भी पढ़ें- Somnath Amrut Mahotsav: पीएम मोदी ने सोमनाथ मंदिर में की 'महा पूजा', जीर्णोद्धार के 75 वर्ष पूरे होने पर मेगा इवेंट, देखें- ऐतिहासिक तस्वीरें

मौसम विभाग के अनुसार, श्रीलंका तट के पास बंगाल की दक्षिण-पश्चिमी खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। अगले 48 घंटों में यह और अधिक मजबूत हो सकता है। इसके अलावा, 15 मई से एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करना शुरू करेगा, जिससे मौसम में फिर से बदलाव आएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।