IMD Heavy Rain Alert: इन राज्यों में अंधड़ संग हैवी बारिश का अलर्ट, बिहार से बंगाल तक 50kmph रफ्तार वाला बवंडर! 23 मई तक ऐसा रहेगा मौसम

IMD Heavy Rain Alert: एक ओर जहां दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का दौर जारी है। वहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भीषण 'लू' का कहर शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश तक 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाला प्रचंड तूफान तबाही मचा सकता है

अपडेटेड May 17, 2026 पर 3:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Heavy Rain Alert: अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं

IMD Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आगामी सप्ताह के लिए देश के सभी हिस्सों के लिए वेदर बुलेटिन जारी किया है। सक्रिय मौसमी प्रणालियों और मानसून की प्रगति के कारण देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। एक ओर जहां दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का दौर जारी है। वहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भीषण 'लू' का कहर शुरू हो गया है। IMD के मुताबिक बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश तक 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाला प्रचंड तूफान तबाही मचा सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। मौजूदा समय में मानसून की उत्तरी सीमा (NLM) श्रीलंका और अंडमान के कुछ हिस्सों से होकर गुजर रही है। अगले 2-3 दिनों में इसके बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों में और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। केरल में मानसून के 26 मई तक पहुंचने का अनुमान है।

इन राज्यों में थंडरस्क्वॉल (प्रचंड आंधी) का अलर्ट


अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं:-

बिहार और ओडिशा: 20 मई को यहां भीषण आंधी और बवंडर आने की आशंका है।

झारखंड: 19 और 20 मई को झारखंड में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

आंध्र प्रदेश (रायलसीमा): 20 और 21 मई को यहां प्रचंड तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।

अंडमान और निकोबार: 17 और 18 मई को यहां तेज बवंडर के साथ बारिश होगी।

कर्नाटक: 17 और 18 मई को आंतरिक कर्नाटक में ओलावृष्टि और 60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है।

भारी से बहुत भारी बारिश (17-23 मई)

पूर्वोत्तर भारत: अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में आज (17 मई) बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। असम और मेघालय में 22-23 मई को भी मूसलाधार बारिश की संभावना है।

दक्षिण भारत: केरल और माहे में आज अति भारी बारिश हो सकती है। तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 19 मई तक भारी बारिश जारी रहेगी।

पूर्व भारत: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज बहुत भारी बारिश होगी। जबकि 21-23 मई के दौरान फिर से भारी बारिश का दौर शुरू होगा।

उत्तर भारत में भीषण लू का प्रकोप

एक तरफ बारिश है, तो दूसरी तरफ उत्तर और मध्य भारत के राज्य आग की भट्टी की तरह तपेंगे:-

उत्तर प्रदेश: यूपी में 19 से 23 मई के बीच भीषण लू की स्थिति रहेगी।

राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली: यहां 18 मई से 23 मई के बीच लू का कहर रहेगा। राजस्थान में 17-18 मई को वार्म नाइट (गर्म रात) का भी अनुभव होगा।

मध्य प्रदेश और विदर्भ: यहां 21 मई तक लू चलने का अनुमान है।

आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट

आज (17 मई) बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, तेलंगाना और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में बिजली कड़कने और 50 किमी/घंटा तक की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना है।

मछुआरों के लिए चेतावनी (17-22 मई)

अरब सागर: केरल और कर्नाटक तट के साथ-साथ लक्षद्वीप क्षेत्र में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।

बंगाल की खाड़ी: मन्नार की खाड़ी, अंडमान सागर और दक्षिण-मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र अशांत रहेगा। मछुआरों को इन इलाकों में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।