IMD Heavy Rain Alert: इन राज्यों में 6-7 दिनों तक भारी बारिश और तूफान का अलर्ट, फिर 10 मई से नए पश्चिमी विक्षोभ का भी असर

IMD Heavy Rain Alert: मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवातीय परिसंचरण और आने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अगले एक हफ्ते तक उत्तर से दक्षिण भारत तक मौसम पर काफी असर पड़ने वाला है। कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और ओले गिरने तक का अलर्ट जारी किया गया है

अपडेटेड May 06, 2026 पर 3:40 PM
IMD Heavy Rain Alert: देश के अलग अलग हिस्सों में मानसून पूर्व की गतिविधियां तेज हो गई हैं

IMD Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों के लिए मौसम का ताजा बुलेटिन जारी किया है। वर्तमान में सक्रिय कई चक्रवातीय परिसंचरण और आने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अगले एक हफ्ते तक उत्तर से दक्षिण भारत तक मौसम पर काफी असर पड़ने वाला है। कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और ओले गिरने तक का अलर्ट जारी किया गया है। आइए आपको विस्तार से इसकी जानकारी देते हैं।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक देश के अलग अलग हिस्सों में मानसून पूर्व की गतिविधियां तेज हो गई हैं। दक्षिण भारत में जहां अगले एक हफ्ते तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तर भारत के कई इलाकों में 10 मई से मौसम का एक और नया दौर शुरू होने वाला है।

उत्तर-पश्चिम भारत: 10 मई से फिर बदलेगा मौसम


मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के लिए दो चरणों में चेतावनी जारी की है-

ताजा पूर्वानुमान (6-8 मई): आज (6 मई) और कल हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। उत्तराखंड में 8 मई तक और उत्तर प्रदेश में 7 मई को बारिश और बिजली कड़कने का अनुमान है।

नया पश्चिमी विक्षोभ (10-12 मई): 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार (झोंकों में 60 किमी/घंटा) से तूफानी हवाएं और बारिश का नया दौर शुरू होगा।  हिमाचल और उत्तराखंड में इसका असर 11 और 12 मई को विशेष रूप से दिखेगा।

दक्षिण भारत: केरल और तमिलनाडु में 7 दिनों का अलर्ट

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भारी बारिश का सिलसिला थमता नहीं दिख रहा है:-

केरल और तमिलनाडु: केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 7 दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की आशंका है।

कर्नाटक: दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 7 और 8 मई को भारी बारिश का अलर्ट है। कर्नाटक के अन्य हिस्सों, रायलसीमा और तटीय आंध्र प्रदेश में अगले 5 दिनों तक 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

ओलावृष्टि: आज (6 मई) तेलंगाना में ओले गिरने की प्रबल आशंका है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत: ओले और तूफान की चेतावनी

बिहार और झारखंड: बिहार में आज (6 मई) ओलावृष्टि की संभावना है। बिहार, झारखंड और ओड़िशा में अगले 7 दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाएं चलती रहेंगी।

पश्चिम बंगाल: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज भारी बारिश का अलर्ट है। 9 मई को गंगीय पश्चिम बंगाल में 70 किमी/घंटा की रफ्तार से 'थंडरस्क्वॉल' (भीषण तूफान) आने की चेतावनी दी गई है।

पूर्वोत्तर: अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में आज भारी बारिश की संभावना है।

मध्य भारत: मध्य प्रदेश और विदर्भ का हाल

मध्य प्रदेश में 6 और 7 मई को हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं। वहीं, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में आज (6 मई) को ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें- IMD Weather Alert India: दिल्ली-UP समेत 14 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 65 kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मौजूदा समय में पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश, असम, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उत्तरी तेलंगाना के ऊपर चक्रवातीय हवाओं का घेरा बना हुआ है। इसके साथ ही कर्नाटक से तमिलनाडु तक एक 'ट्रफ लाइन' गुजर रही है, जो नमी खींच रही है और बारिश का कारण बन रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।