IMD Heavy Rain Alert: इन 28+ राज्यों में हल्की से बेहद भारी बारिश का अलर्ट, 11 जून तक दिल्ली से यूपी-बिहार का ऐसा रहेगा मौसम

Weather Report: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 जून को गरज-चमक के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। 5-6 जून और 11 जून को पश्चिमी यूपी में जबकि 5-6 जून और 10-11 जून के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट से लेकर हल्की-मध्यम बारिश हो सकती है। 5 जून को पूरे उत्तर प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी) में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार (झोंके 70 किमी प्रति घंटे तक) से चलने वाले भयंकर थंडरस्कॉल (तूफान) का अनुमान है

अपडेटेड Jun 05, 2026 पर 3:28 PM
IMD Heavy Rain Alert: इन 28+ राज्यों में हल्की से बेहद भारी बारिश का अलर्ट, 11 जून तक दिल्ली से यूपी-बिहार का ऐसा रहेगा मौसम

भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा वेदर बुलेटिन के मुताबिक मानसून आज यानी 5 जून को अरब सागर के कुछ और हिस्सों, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम इलाकों में आगे बढ़ चुका है. मौसम विभाग ने देश के 28 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 11 जून तक का विस्तृत पूर्वानुमान और अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कहीं हल्की से मध्यम तो कहीं मूसलाधार और बेहद भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। आइए जानते हैं दिल्ली, यूपी, बिहार सहित देश के तमाम राज्यों में 11 जून तक मौसम कैसा रहने वाला है।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार का मौसम (11 जून तक का पूर्वानुमान)

दिल्ली, नई दिल्ली और हरियाणा के इलाकों में 5 से 7 जून के दौरान और फिर 11 जून को हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 5 और 6 जून के साथ-साथ 11 जून को भी इस क्षेत्र में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार (जो बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है) से तेज धूलभरी हवाएं चलने और बिजली चमकने का अलर्ट है।


उत्तर प्रदेश में ओले गिरने और हीटवेव का डबल अटैक

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 जून को गरज-चमक के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। 5-6 जून और 11 जून को पश्चिमी यूपी में जबकि 5-6 जून और 10-11 जून के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट से लेकर हल्की-मध्यम बारिश हो सकती है। 5 जून को पूरे उत्तर प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी) में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार (झोंके 70 किमी प्रति घंटे तक) से चलने वाले भयंकर थंडरस्कॉल (तूफान) का अनुमान है। 6 जून को पूर्वी यूपी में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। राहत के बाद यूपी में तापमान फिर बढ़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 9 से 11 जून के दौरान पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गंभीर लू चलने की आशंका है।

बिहार में आंधी-तूफान की चेतावनी

बिहार में 5 से 11 जून तक लगातार छिटपुट से लेकर हल्की या मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। बिहार में 5-6 जून और फिर 9-10 जून को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार (झोंके 70 किमी प्रति घंटे) वाले खतरनाक थंडरस्कॉल की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा 7 और 8 जून को भी 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बिजली कड़कने का अलर्ट है।

दक्षिण भारत: बेहद भारी बारिश की चेतावनी

दक्षिण भारत के कई राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जिसके चलते भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट है। केरल और माहे में 5 जून को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. इसके बाद 6 और 7 जून को केरल में बेहद भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। 8 और 9 जून को भी भारी से बहुत भारी बारिश और 10-11 जून को भारी बारिश जारी रहेगी। तटीय कर्नाटक में 5 से 11 जून के दौरान लगातार व्यापक रूप से बारिश होगी और अधिकांश दिनों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 5 से 11 जून तक लगातार भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 5 से 7 जून के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 8 से 11 जून के बीच अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। 5 जून को यहां उमस भरा मौसम भी रहेगा।

तेलंगाना में 5-6 जून को भारी बारिश और तटीय आंध्र प्रदेश में 7-8 जून तथा 10-11 जून को भारी बारिश का अनुमान है। रायलसीमा में 6-7 जून को भारी बारिश होगी। तटीय आंध्र प्रदेश में 5-6 जून को लू की स्थिति भी देखने को मिल सकती है। लक्षद्वीप में 5 से 7 जून के बीच भारी बारिश की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत में मूसलाधार बारिश

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 5 से 11 जून तक व्यापक रूप से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में 6 जून से 11 जून के दौरान कई जगहों पर अत्यंत मूसलाधार यानी बहुत भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 जून को छिटपुट बारिश के बाद 6 से 11 जून तक भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

पूर्वी भारत: अंडमान में आंधी तो बंगाल-ओडिशा में बारिश

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 5 से 11 जून तक व्यापक बारिश होगी। यहां 5 से 7 जून और 9 से 11 जून तक भारी बारिश और 8 जून को बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। गांगेय पश्चिम बंगाल में 5 जून को भारी बारिश और थंडरस्कॉल (50-60 किमी/घंटा) की चेतावनी है। झारखंड में 5 जून को थंडरस्कॉल और 6 से 8 जून के दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-बारिश की संभावना है। ओडिशा में 5 से 11 जून तक बारिश का अनुमान है। 5 और 6 जून को यहां 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी आएगी, लेकिन 5 से 9 जून के दौरान राज्य में उमस भरी गर्मी भी सताएगी। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 5 जून को भारी से बहुत भारी बारिश और 5 से 9 जून तक 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी चलने की संभावना है। 6 और 8-10 जून को भी यहां भारी बारिश का अलर्ट है।

उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत: ओले, धूलभरी आंधी और लू का अलर्ट

पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 5 और 6 जून को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से थंडरस्कॉल आने और 5 जून को धूलभरी आंधी चलने की आशंका है। पूर्वी राजस्थान में 5 जून को भारी बारिश का अलर्ट भी है। इसके बाद, 8 से 11 जून के दौरान पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में भीषण लू चलने की चेतावनी दी गई है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 5-6 जून को तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) के साथ बारिश होगी. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 5 जून को ओले गिरने की आशंका है। उत्तराखंड में 5 जून को भारी बारिश और थंडरस्कॉल का भी अलर्ट है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 5 जून को ओले गिरने और 5-6 जून को 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में 6-7 जून को थंडरस्कॉल आने की संभावना है। पूरे मध्य भारत में 11 जून तक छिटपुट बारिश दर्ज की जाती रहेगी।

पश्चिम भारत: कोंकण और गोवा में भारी बारिश

कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में मानसून की सक्रियता के कारण 5 से 9 जून के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है. इसके अलावा गुजरात, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में भी 11 जून तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है।

तापमान का पूर्वानुमान

उत्तर-पश्चिम भारत में 5 जून तक अधिकतम तापमान में 2-4°C की गिरावट आएगी। इसके बाद 6 से 11 जून के बीच तापमान में फिर से 3-5°C की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. मध्य भारत में 7 जून के बाद तापमान 2-3°C बढ़ेगा, जबकि महाराष्ट्र में 7 जून तक तापमान में 2-3°C की गिरावट देखी जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।