IMD Heavy rain alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के मौसम को लेकर एक बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक धुआंधार तूफान, बिजली कड़कने और भारी बारिश की संभावना है। मौसम का यह मिजाज 7 मई तक और कुछ क्षेत्रों में 10 मई तक बना रह सकता है। मौसम विभाग ने देश के बड़े हिस्से में गरज-चमक के साथ बारिश और तूफान की चेतावनी दी है। उत्तर-पश्चिम से लेकर दक्षिण भारत तक, आसमान से आफत बरसने वाली है।
उत्तर-पश्चिम भारत: पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में ओले
अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के राज्यों में मौसम काफी खराब रहने वाला है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 से 8 मई तक बारिश और बर्फबारी के साथ बिजली कड़कने की आशंका है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 मई को 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफान (Thundersquall) आ सकता है।
जबकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित पूर्वी राजस्थान में 4 मई को ओले गिरने की आशंका है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 4 मई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
यहां नीचे IMD के आधिकारिक एक्स हैंडल पर देखिए मौसम की डिटेल्ड चेतावनी
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत: भारी बारिश की चेतावनी
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 4 से 6 मई के बीच व्यापक बारिश और 50 किमी/घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 मई को भीषण तूफान आ सकता है। इसके अलावा बिहार, झारखंड और ओडिशा में 4 और 5 मई को ओलावृष्टि और भारी बारिश का अलर्ट है।
मध्य और दक्षिण भारत: गरज-चमक के साथ बौछारें
मध्य भारत: मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 4 से 8 मई के दौरान बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। 4 मई को एमपी और छत्तीसगढ़ में ओले गिर सकते हैं। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी 4 और 5 मई को तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, कई राज्यों में हवा की गति 50-60 किमी प्रति घंटा रहेगी, जो बढ़कर 70 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है। अचानक आने वाले इस तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।