UP Weather Update: यूपी में अगले 48 घंटों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट, IMD ने बताया कहां-कहां होगी धुआंधार बारिश

UP Heavy Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कमजोर पड़ने के बावजूद वहां से लगातार बढ़ रही मानसूनी नमी और मजबूत हुई मानसून ट्रफ के कारण पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने 25 जुलाई के लिए कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है

अपडेटेड Jul 20, 2026 पर 5:22 PM
UP Heavy Rain Alert: उत्तर प्रदेश के करीब 25 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी हुआ है

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह एक्टिव हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कमजोर पड़ने के बावजूद वहां से लगातार बढ़ रही मानसूनी नमी और मजबूत हुई मानसून ट्रफ के कारण पूरे प्रदेश में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने 20 जुलाई के लिए कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है। जबकि 22 जुलाई तक मूसलाधार बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' प्रभावी रहेगा। इसके बाद 25 जुलाई तक दक्षिणी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।

कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में व्यापक बारिश होने की आशंका है। 20 जुलाई को कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश (रेड अलर्ट), जबकि अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।


इन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और जालौन समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना सबसे अधिक है।

वहीं, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

आकाशीय बिजली का भी खतरा

बारिश के साथ कई जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका है। विशेष रूप से बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं सहित कई जिलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज

पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक बहेड़ी (बरेली) में 174 मिमी, मुहम्मदी (खीरी) में 160 मिमी, बिलासपुर (रामपुर) में 152.4 मिमी, पुवायां (शाहजहांपुर) में 150.3 मिमी, महसी (बहराइच) में 127 मिमी, भिनगा (श्रावस्ती) में 122 मिमी और हसनगंज (उन्नाव) में 119 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

तापमान में आएगी गिरावट, उमस से मिलेगी राहत

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश का तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।

25 जुलाई तक ऐसा रहेगा मौसम

20 जुलाई: कई स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।

21-22 जुलाई: अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। IMD ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।

23-24 जुलाई: कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक की आशंका है।

25 जुलाई तक: दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी रहेगा।

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और गरज-चमक के समय खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की है। इसके अलावा बारिश के दौरान निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।