बंगाल की खाड़ी में बना नया सिस्टम, अगले 7 दिन भारी बारिश! IMD ने दिल्ली, यूपी, राजस्थान संग कई राज्यों के लिए जारी किया ये अलर्ट

IMD Heavy Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 12 अगस्त को जारी वेदर बुलेटिन के मुताबिक यह सिस्टम अगले 12 घंटों के दौरान और अधिक मजबूत होकर वेल-मार्कड लो प्रेशर एरिया में बदल जाएगा। इसके अगले 24 घंटों में गहरे डिप्रेशन के रूप में बदलकर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ेगा

अपडेटेड Aug 12, 2026 पर 2:34 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अगले 7 दिनों के दौरान ओडिशा और गांगेय पश्चिम बंगाल में बेहद भारी बारिश का दौर जारी रहेगा

IMD Heavy Rain Alert: देशभर में मानसूनी हवाओं का प्रचंड रूप एक बार फिर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तट के पास एक नया कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 12 अगस्त को जारी वेदर बुलेटिन के मुताबिक यह सिस्टम अगले 12 घंटों के दौरान और अधिक मजबूत होकर वेल-मार्कड लो प्रेशर एरिया में बदल जाएगा। इसके अगले 24 घंटों में गहरे डिप्रेशन के रूप में बदलकर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ेगा।

इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र, मध्य ट्रोपोस्फेरिक पछुआ हवाओं में पश्चिमी विक्षोभ, दक्षिण हरियाणा के ऊपर बना चक्रवातीय परिसंचरण और 22° उत्तर अक्षांश पर बनी शीयर जोन जैसी प्रणालियां देशभर में मानसूनी बारिश को भारी रफ्तार दे रही हैं।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन मौसमी तंत्रों के प्रभाव से अगले 7 दिनों के दौरान ओडिशा और गांगेय पश्चिम बंगाल में बेहद भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों, मैदानी इलाकों, मध्य भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।


बीते 24 घंटों में 221 सेमी तक बारिश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में आफत

देश के कई राज्यों में बीते 24 घंटों के दौरान मानसूनी बारिश ने विकराल रूप दिखाया। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में बेहद भारी बारिश दर्ज की गई, जहां कुछ जगहों पर 221 सेमी तक की असाधारण बारिश रिकॉर्ड हुई है।

इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र, गुजरात क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बहुत भारी बारिश (12 से 20 सेमी) दर्ज की गई। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, त्रिपुरा, ओडिशा, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण, तमिलनाडु और कर्नाटक के तटीय व दक्षिणी आंतरिक हिस्सों में भारी बारिश (7 से 11 सेमी) दर्ज की गई।

दिल्ली, यूपी, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा का साप्ताहिक पूर्वानुमान

उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश का दायरा आने वाले दिनों में और फैलने वाला है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 12 से 18 अगस्त तक, उत्तराखंड में 13 से 18 अगस्त के दौरान अधिकांश जगहों पर व्यापक बारिश होगी। हिमाचल प्रदेश में 14 अगस्त को, उत्तराखंड में 14 अगस्त और 16-17 अगस्त को अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 14 और 15 अगस्त को व्यापक बारिश होगी, 14 से 18 अगस्त के बीच इन इलाकों में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश की बात करें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 से 18 अगस्त तक व्यापक बारिश का दौर रहेगा और 13 से 18 अगस्त तक भारी बारिश होगी जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 अगस्त को व्यापक बारिश और 14 से 17 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में 13 और 14 अगस्त को बिजली चमकने और गरज-चमक की भी चेतावनी दी गई है। राजस्थान में पूर्वी राजस्थान में 12 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश के बाद 13 और 14 अगस्त को भारी बारिश होगी जबकि पश्चिमी राजस्थान में 12 और 13 अगस्त को भारी बारिश का अंदेशा जताया गया है।

ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम का सबसे सीधा और गंभीर असर पूर्वी भारत पर पड़ने वाला है। ओडिशा और गांगेय पश्चिम बंगाल में 12 और 13 अगस्त को अलग-अलग जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही गांगेय पश्चिम बंगाल और झारखंड में 14 अगस्त को, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16 अगस्त को बहुत भारी बारिश होगी।

बिहार में 12 और 13 अगस्त को छिटपुट बारिश के बाद 14 से 18 अगस्त तक व्यापक बारिश का नया दौर शुरू होगा। इसे देखते हुए 14 से 17 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। झारखंड में 12 अगस्त को गंभीर आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है जबकि गांगेय पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और झारखंड में 12 से 14 अगस्त के दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र-गुजरात का हाल

पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12 अगस्त को बहुत भारी बारिश होगी, जबकि 13 अगस्त और 16-17 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 15 और 16 अगस्त को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। छत्तीसगढ़ में 13 और 14 अगस्त को बहुत भारी वर्षा हो सकती है। जबकि 12 से 16 अगस्त के दौरान विदर्भ और छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली कड़कने के साथ बारिश होगी।

पश्चिमी भारत में कोंकण और गोवा में 12 से 18 अगस्त तक अधिकांश जगहों पर बारिश होगी और 12 से 15 अगस्त तक भारी बारिश जारी रहेगी। मध्य महाराष्ट्र में 12 और 14 अगस्त को बहुत भारी बारिश होगी जबकि गुजरात क्षेत्र में 12 अगस्त को बहुत भारी बारिश और 13 अगस्त को भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों की स्थिति

पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 से 18 अगस्त तक लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम एवं मेघालय में 15 से 18 अगस्त के दौरान बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है जबकि अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में पूरे सप्ताह भारी बारिश और बिजली गिरने का जोखिम बना रहेगा।

ये भी पढ़ें- Cow Urine: अब दूध के साथ गोमूत्र से भी बंपर कमाई करेंगे किसान! यूपी के इन जिलों में ₹10 प्रति लीटर खरीद शुरू

दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, केरल एवं माहे में 12 से 18 अगस्त तक लगातार बारिश होगी। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल में 12 से 14 अगस्त तक भारी बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना और कर्नाटक के अलग अलग हिस्सों में 12 से 16 अगस्त के दौरान तेज सतही हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।