IMD Heavy Rain alert: इन राज्यों में अगले 6-7 दिन तूफानी बारिश और बवंडर का अलर्ट, 10 मई तक ऐसा रहेगा मौसम
IMD Heavy Rain alert: मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 6 से 7 दिनों तक उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक तूफानी बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का दौर जारी रहने वाला है। विशेष रूप से दक्षिण भारत में 10 मई के बाद तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है
IMD Heavy Rain alert: एक सप्ताह तक तूफानी बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का दौर जारी रहने वाला है
IMD Heavy Rain alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के बड़े हिस्से के लिए मौसम का बड़ा अलर्ट जारी किया है। अगले 6 से 7 दिनों तक उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक तूफानी बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का दौर जारी रहने वाला है। विशेष रूप से दक्षिण भारत में 10 मई के बाद तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार देश के विभिन्न हिस्सों में कई चक्रवातीय घेरे और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हैं। इसकी वजह से 10-11 मई तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। उत्तर भारत में आज धूल भरी आंधी और तूफान का असर दिखेगा, वहीं दक्षिण भारत में अगले एक हफ्ते तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर-पश्चिम भारत: यूपी में 70kmph का तूफान और ओले
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 70 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं। राज्य में ओलावृष्टि की भी प्रबल आशंका है।
दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा: यहां 5 और 6 मई को हल्की से मध्यम बारिश, बिजली और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
पहाड़ी राज्य: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में 5 और 6 मई को बारिश और बर्फबारी के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है। उत्तराखंड में यह सिलसिला 8 मई तक जारी रह सकता है।
10 मई से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इससे 10 और 11 मई को फिर से आंधी-बारिश शुरू होगी।
पूर्वी और मध्य भारत: बिहार-झारखंड में ओलावृष्टि
बिहार, झारखंड और ओड़िशा: इन राज्यों में आज ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बिहार में 6 मई को भारी बारिश और तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है।
पश्चिम बंगाल: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 5 और 6 मई को भारी बारिश का अलर्ट है। गंगीय पश्चिम बंगाल में 5 और 6 मई को 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफान आ सकता है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़: मध्य प्रदेश में आज ओलावृष्टि की संभावना है। दोनों राज्यों में आज 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिण भारत: 7 दिनों का भारी बारिश अलर्ट
दक्षिण भारत के राज्यों में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहने वाला है:-
केरल और माहे: अगले 7 दिनों तक यहां गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल: यहां अगले 6 दिनों तक भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
कर्नाटक और आंध्र प्रदेश: तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में 9 मई तक गरज-चमक के साथ तूफानी हवाएं (30-50 किमी/घंटा) चलने के आसार हैं।
पूर्वोत्तर भारत का हाल
असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 5 और 6 मई को व्यापक रूप से बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। असम और मेघालय में इन दो दिनों के दौरान भारी बारिश का भी अनुमान लगाया गया है।
मौसम विभाग की सलाह
तूफानी हवाओं और ओलावृष्टि के दौरान कच्चे मकानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखें।