IMD Heavy Rain Alert: इन राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट! 60kmph स्पीड के बवंडर के साथ गिरेंगे ओले, 18 मई तक ऐसा रहेगा मौसम

IMD Heavy Rain Alert: मौसम विभाग (IMD) की तरफ से 12 मई को जारी किए गए आफ्टरनून वेदर बुलेटिन के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत और पूर्वी भारत के राज्यों में अगले कुछ दिन भारी रहने वाले हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि कई राज्यों में हवाओं की रफ्तार 70 किमी/घंटा तक जा सकती है

अपडेटेड May 12, 2026 पर 3:00 PM
Story continues below Advertisement
IMD Heavy Rain Alert: उत्तर-पश्चिम भारत और पूर्वी भारत के राज्यों में अगले कुछ दिन भारी रहने वाले हैं

IMD Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए 18 मई तक के मौसम को लेकर अपना अनुमान जाहिर कर दिया है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र की वजह से उत्तर भारत से लेकर दक्षिण तक मौसम का दोहरा मिजाज देखने को मिलेगा। एक तरफ जहां भारी बारिश और 60-70 किमी/घंटा की रफ्तार वाले तूफान का अलर्ट है। वहीं, दूसरी ओर कई राज्यों में भीषण लू का असर भी देखने को मिलेगा।

IMD की तरफ से 12 मई को जारी किए गए आफ्टरनून वेदर बुलेटिन के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत और पूर्वी भारत के राज्यों में अगले कुछ दिन भारी रहने वाले हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि कई राज्यों में हवाओं की रफ्तार 70 किमी/घंटा तक जा सकती है।

1. उत्तर-पश्चिम भारत: प्रचंड आंधी और ओलावृष्टि (12-14 मई)


मैदानी और पहाड़ी राज्यों में कल तक मौसम काफी आक्रामक रहेगा:-

दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़: 12 मई को यहां 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी, जो झोंकों में 70 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं।

उत्तर प्रदेश: 12 और 13 मई को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी-बारिश का दौर रहेगा। विशेष रूप से आज (12 मई) यूपी के कुछ इलाकों में ओले गिरने की चेतावनी दी गई है।

पहाड़ी राज्य: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में 14 मई तक मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ बिजली कड़कने का अलर्ट है। इन राज्यों में 13 मई को भी ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है।

राजस्थान: पूर्वी राजस्थान में आज धूल भरी आंधी चलने की आशंका है।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत: मूसलाधार बारिश का अलर्ट (13-18 मई)

असम और मेघालय: यहां 13 से 17 मई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।

अरुणाचल प्रदेश: यहां 13 से 18 मई तक भारी बारिश होगी, जबकि 17-18 मई को अति भारी बारिश का अनुमान है।

बिहार और झारखंड: बिहार में कल (13 मई) 70 किमी/घंटा की रफ्तार से प्रचंड तूफान आने की आशंका है। झारखंड में 15 और 16 मई को इसी तरह का थंडरस्क्वॉल देखने को मिल सकता है।

पश्चिम बंगाल और सिक्किम: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 13 मई को अति भारी बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत: मानसून की दस्तक और भारी बारिश

मौसम विभाग ने एक बड़ी जानकारी देते हुए बताया कि इस सप्ताह के अंत तक अंडमान सागर और दक्षिण बंगाल की खाड़ी में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं।

केरल और कर्नाटक: केरल और माहे में 15 मई तक भारी बारिश का अलर्ट है। उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 14-15 मई को ओले गिर सकते हैं।

अंडमान-निकोबार: यहां 18 मई तक लगातार भारी बारिश जारी रहेगी।

इन इलाकों के लिए हीटवेव का अलर्ट

बारिश के बीच कुछ राज्यों में सूरज की तपिश जानलेवा साबित हो सकती है:-

भीषण लू: पश्चिमी राजस्थान में 12 से 16 मई तक लू चलेगी। जबकि 17-18 मई को यहां भीषण लू की स्थिति रहेगी।

गर्म रातें: राजस्थान में 12 से 18 मई के बीच रातें भी बहुत गर्म रहेंगी। 15-16 मई को पश्चिमी राजस्थान में सीवियर वार्म नाइट का अलर्ट है।

अन्य राज्य: गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 14-15 मई तक हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 16 मई तक गर्मी का सितम जारी रहेगा।

मछुआरों के लिए चेतावनी

श्रीलंका तट, मन्नार की खाड़ी और बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में 40-50 किमी/घंटा (झोंकों में 60 किमी/घंटा) की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मछुआरों को इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है।

IMD ने दी ये सावधानियां बरतने की सलाह

IMD ने सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। 15 मई से एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इससे मौसम में फिर से बदलाव आएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।