आज का मौसम 16 मई: IMD ने इन 19 राज्यों में 50kmph वाले तूफान और भारी बारिश का अलर्ट दिया, बिहार में आएगा भयानक थंडरस्क्वॉल
IMD Weather Update: मौसम विभाग ने 16 मई का मॉर्निंग बुलेटिन जारी करते हुए देशभर के मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट दिया है। सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण 19 से ज्यादा राज्यों में आंधी-तूफान, तेज हवाएं और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
IMD ने इन 19 राज्यों में 50kmph वाले तूफान और भारी बारिश का अलर्ट दिया
IMD Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 16 मई को देशभर के मौसम के पूर्वानुमान के साथ डेली वेदर एनालिसिस का मॉर्निंग बुलेटिन जारी कर दिया है। इसके मुताबिक सक्रिय मौसमी सिस्टम के चलते देश के 19 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान (Thunderstorm) और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आज बिहार और अंडमान में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ थंडरस्क्वॉल (प्रचंड तूफान) आने की चेतावनी दी गई है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर भी राहत भरी खबर है कि यह आज अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ रहा है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के कारण देश का मौसम दो हिस्सों में बंटा हुआ है। जहां एक तरफ मूसलाधार बारिश और तूफान का खतरा है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर भारत के कई राज्य भीषण लू की चपेट में हैं।
बिहार और अंडमान में थंडरस्क्वॉल का खतरा
आज बिहार और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में मौसम सबसे ज्यादा खतरनाक रह सकता है। यहां 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से प्रचंड हवाएं चल सकती हैं। ये झोंकों में 70 किमी/घंटा तक जा सकती हैं।
19 राज्यों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट, हवा की रफ्तार होगी 40-50 kmph
IMD ने आज देश के कई हिस्सों में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार वाली हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
उत्तर भारत: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान।
मध्य और पूर्वी भारत: छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम।
पश्चिम भारत: कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा।
दक्षिण भारत: कर्नाटक, केरल, माहे, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और लक्षद्वीप।
पूर्वोत्तर: नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा।
इसके अलावा असम, मेघालय, तेलंगाना और तमिलनाडु में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
यहां होगी भारी से बहुत भारी बारिश
बारिश का सबसे ज्यादा असर तटीय और पूर्वोत्तर इलाकों में दिखेगा। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आज भारी से बहुत भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु और पुडुचेरी के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट है।
राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र की ओर से जारी पूरे देशभर का 16 मई का वेदर मैप यहां नीचे देखिए
मानसून 2026: अंडमान पहुंचा मानसून!
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल हैं। 16 मई को मानसून दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ रहा है। केरल में मानसून के 26 मई तक पहुंचने की संभावना है (4 दिन का मॉडल एरर संभव)।
इन इलाकों में लू और गर्म रातों का सितम
तूफान और बारिश के बीच उत्तर और मध्य भारत के लोग गर्मी से बेहाल रहेंगे। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड और विदर्भ के कुछ इलाकों में लू चलने का अलर्ट है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 18-21 मई के बीच भीषण लू का असर देखने को मिलेगा। मध्य प्रदेश और विदर्भ में आज वार्म नाइट की स्थिति बनी रहेगी। कोंकण और गोवा में मौसम काफी गर्म और आर्द्र रहेगा।
मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी
अरब सागर: केरल तट और लक्षद्वीप के पास 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। सोमालिया तट के पास हवा की गति 65 किमी/घंटा तक जा सकती है।
बंगाल की खाड़ी: मन्नार की खाड़ी, अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के दक्षिण व मध्य हिस्सों में समुद्र बेहद अशांत रहेगा। मछुआरों को इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है।