Weather Today: IMD ने इन 12 राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट दिया, 60-70kmph स्पीड वाला बवंडर कई जगहों पर करेगा भारी नुकसान

IMD Weather Alert: देशभर के मौसम में इस समय भारी उथल-पुथल मची हुई है। IMD ने अपने ताजा मॉर्निंग वेदर बुलेटिन में देश के कई हिस्सों के लिए बेहद गंभीर चेतावनी जारी की है। एक तरफ जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह अनुकूल परिस्थितियों में है।

अपडेटेड May 29, 2026 पर 10:35 AM
IMD का बड़ा अलर्ट! दिल्ली-UP समेत 12 राज्यों में भारी बारिश और तूफान का खतरा

IMD Weather Alert: देशभर के मौसम में इस समय भारी उथल-पुथल मची हुई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा मॉर्निंग वेदर बुलेटिन में देश के कई हिस्सों के लिए बेहद गंभीर चेतावनी जारी की है। एक तरफ जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह अनुकूल परिस्थितियों में है, वहीं दूसरी तरफ वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते देश के एक बड़े हिस्से पर आंधी-तूफान का संकट मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने आज 29 मई को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के 12 प्रमुख राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई इलाकों में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाले खतरनाक बवंडर (Thundersquall) और ओलावृष्टि (Hailstorm) की चेतावनी दी गई है। इससे भारी नुकसान होने की आशंका है।

राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र की ओर से जारी 29 मई का पूरे देश का वेदर मैप यहां नीचे देखिए

WhatsApp Image 2026-05-29 at 9.12.07 AM


मौसम विभाग के सुबह के बुलेटिन के अनुसार, आज देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का सबसे आक्रामक रूप देखने को मिल सकता है। आंधी-तूफान के साथ ओले गिरने और बिजली कड़कने की घटनाएं कई राज्यों में सामान्य जनजीवन और फसलों को प्रभावित कर सकती हैं।

1. इन 12 राज्यों/इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी (IMD) के मुताबिक आज 29 मई को देश के इन 12 क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और ओडिशा. उत्तराखंड, केरल एवं माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश का अलर्ट है।

2. 60-70 kmph की रफ्तार वाला बवंडर और आंधी का तांडव

आज देश के अलग-अलग राज्यों में हवा की रफ्तार बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच सकती है, जिससे कच्चे मकानों, पेड़ों और बिजली के खंभों को भारी नुकसान पहुंच सकता है। बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाला बवंडर आएगा। ये झोंकों में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है। आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल (Gangetic West Bengal), जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगिट-बाल्टिस्तान-मुजफ्फरराबाद, झारखंड, मध्य प्रदेश, नॉर्थ इंटीरियर कर्नाटक और ओडिशा में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। इसके अलावा 30 मई को बिहार में भी इसी रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

यूपी-पंजाब में महा-तूफान

विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के विस्तृत पूर्वानुमान के मुताबिक, आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 80-90 किमी प्रति घंटे (झोंके 100 किमी प्रति घंटे) और पूर्वी उत्तर प्रदेश व पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली में 70-80 किमी प्रति घंटे (झोंके 90 किमी प्रति घंटे) की रफ्तार से विनाशकारी आंधी आ सकती है। आज पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने की भी आशंका जताई गई है।

3. इन राज्यों में भारी ओलावृष्टि

मौसम विभाग ने आज कई राज्यों में तेज आंधी और आकाशीय बिजली के साथ ओले गिरने की भी चेतावनी दी है। बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में आज भारी ओलावृष्टि होने की संभावना है। मध्य प्रदेश में यह गतिविधि 30 मई को भी जारी रह सकती है। इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गुजरात राज्य, हिमाचल प्रदेश, साउथ इंटीरियर कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराईकल, तेलंगाना, उत्तराखंड और विदर्भ में 40-50 किमी प्रति घंटे की हवाओं के साथ बिजली गिरने की संभावना है। वहीं असम, मेघालय और तटीय कर्नाटक में भी आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान है।

4. तापमान में गिरावट और लू का हाल

उत्तर-पश्चिम भारत में चल रही इस आंधी-बारिश की वजह से 29 से 30 मई के दौरान अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके बाद 31 मई से 3 जून के बीच तापमान फिर से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। पूर्व भारत में भी 31 मई तक पारा 2-3 डिग्री सेल्सियस गिरेगा। राहत के बीच आज पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गंभीर लू की स्थिति बनी रहेगी। इसके अलावा आज मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश के अलग-अलग पॉकेट्स में भी लू चलने का अनुमान है। रायलासीमा, ओडिशा और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराईकल में आज मौसम बेहद गर्म और उमस भरा रहेगा।

मच्छुआरों के लिए विशेष चेतावनी

मौसम विभाग ने समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को 29 मई से 2 जून 2026 के बीच इन इलाकों में न जाने की सख्त सलाह दी है।

अरब सागर: सोमालिया तट और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में 45-55 किमी प्रति घंटे (झोंके 65 किमी प्रति घंटे) की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी। कोमोरिन क्षेत्र और उत्तर गुजरात तट व उत्तर-पूर्वी अरब सागर में भी मौसम खराब रहेगा।

बंगाल की खाड़ी: मन्नार की खाड़ी, श्रीलंका तट, दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और पश्चिम बंगाल व ओडिशा के तटों पर 40-50 किमी प्रति घंटे से लेकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।

यह भी पढ़ें: Delhi Weather Today: दिल्ली में अगले दो दिनों तक होगी बारिश, चलेंगी 50 Kmph की रफ्तार हवाएं, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।