IMD rain alert: उत्तर प्रदेश में मौसम के दो चरम रूप एक साथ देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां बुंदेलखंड का बांदा जिला भीषण गर्मी के सारे रिकॉर्ड तोड़ रहा है। वहीं, दूसरी ओर लखनऊ मौसम केंद्र ने पूरे प्रदेश के लिए राहत भरी खबर दी है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण अगले 48 घंटों में यूपी के लगभग सभी हिस्सों में झमाझम बारिश और आंधी का दौर शुरू होने वाला है।
उत्तर प्रदेश में अप्रैल की गर्मी ने जाते-जाते अपना सबसे रौद्र रूप दिखाया है। बुंदेलखंड के बांदा में पारा 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बादां ने अधिकतम तापमान के मामले में देशभर में अप्रैल माह के सर्वकालिक सर्वोच्च स्तर का नया रिकॉर्ड बना दिया है। इससे पहले बांदा में उच्चतम तापमान 47.4 डिग्री (25 अप्रैल 2026 और 30 अप्रैल 2022) दर्ज किया गया था।
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बांग्लादेश के ऊपर बने दो अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त पुरवा हवाएं आ रही हैं। इसी बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हुआ है। इन दोनों प्रणालियों के मिलन से झांसी और ललितपुर में छिटपुट बारिश शुरू हो चुकी है, जो अब पूरे प्रदेश में फैलने वाली है।
जानिए अगले 48 घंटे में यूपी में कहां-कहां होगी बारिश और वज्रपात?
मौसम विभाग ने 28 और 29 अप्रैल के लिए प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में झोंकेदार हवाओं (40-50 किमी/घंटा) और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है-
28 अप्रैल: इन जिलों में अलर्ट
आंधी और तेज हवाएं: अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर।
बिजली गिरना (वज्रपात): सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल और बदायूं।
29 अप्रैल: पूरे यूपी में दिखेगा असर
बुधवार को बारिश और आंधी का दायरा बढ़ जाएगा। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ मेघगर्जन होगा।
प्रमुख जिले: प्रयागराज, सोनभद्र, वाराणसी, गाजीपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या और अंबेडकर नगर समेत पश्चिमी यूपी के जिले।
आर्द्र पुरवा हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त असर से प्रदेश के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। बुंदेलखंड क्षेत्र, जहां वर्तमान में लू का प्रकोप झांसी, जालौन और बांदा तक सीमित है, वहां भी 28 अप्रैल से व्यापक राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने सावधानी के लिए कहीं ये बातें
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मेघगर्जन और तेज हवाओं के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें। बिजली कड़कने के दौरान ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों या मोबाइल टावरों के पास खड़ा होना खतरनाक हो सकता है।