IMD Rain Forecast: बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र, 9 से 15 सितंबर तक MP-छत्तीसगढ़ संग कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

IMD Rain Forecast: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 सितंबर को ताजा बुलेटिन जारी कर चेतावनी दी है कि उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश तट पर एक ऊपरी हवा का साइक्लॉनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके असर से 10 सितंबर को उत्तर बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की पूरी संभावना है

अपडेटेड Sep 09, 2026 पर 3:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Rain Forecast: आज यानी 9 सितंबर से लेकर 15 सितंबर तक भारी बारिश होने के आसार हैं

IMD Rain Forecast: देश भर में मानसून का मिजाज एक बार फिर काफी आक्रामक रूप अख्तियार करने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 सितंबर को ताजा बुलेटिन जारी कर चेतावनी दी है कि उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश तट पर एक ऊपरी हवा का साइक्लॉनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके असर से 10 सितंबर को उत्तर बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की पूरी संभावना है। इस मौसमी तंत्र के सक्रिय होने से 9 सितंबर से लेकर 15 सितंबर तक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का नया दौर शुरू होगा।

बीते 24 घंटों में त्रिपुरा में हुई अत्यंत भारी बारिश

IMD ने बीते 24 घंटों के आंकड़ों के हवाले से बताया है कि पूर्वोत्तर के राज्य त्रिपुरा में अलग-अलग जगहों पर 12 से 20 सेंटीमीटर तक अत्यंत भारी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम, बिहार, झारखंड और असम में 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है।


मध्य भारत में मौसम का हाल: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भारी बारिश

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 10 से 15 सितंबर के दौरान व्यापक स्तर पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। छत्तीसगढ़ में 10 से 15 सितंबर तक लगातार भारी बारिश होगी, जिसमें 12 सितंबर को छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वी मध्य प्रदेश में 11 सितंबर को और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12 से 14 सितंबर के बीच भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। विदर्भ क्षेत्र में 12 और 13 सितंबर को तेज बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 9 से 13 सितंबर तक पूरे मध्य भारत में बिजली गिरने और बादल गरजने की भी चेतावनी दी गई है।

पूर्वी भारत पर सबसे ज्यादा असर: ओडिशा में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी

बंगाल की खाड़ी में बनने वाले सिस्टम का सबसे बड़ा असर पूर्वी भारत पर देखने को मिलेगा। ओडिशा में 9 से 11 सितंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश होगी, जिसमें 10 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

गांगेय पश्चिम बंगाल और झारखंड में 9 से 11 सितंबर तक भारी बारिश होगी। बिहार में 9 और 10 सितंबर को तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 9 सितंबर और फिर 12 से 14 सितंबर के बीच मूसलाधार बारिश का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 11 से 13 सितंबर तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत: असम में गंभीर बिजली चमकने की चेतावनी

पूर्वोत्तर राज्यों में मानसूनी हवाओं के प्रभाव से भारी वर्षा का दौर बना रहेगा। असम और मेघालय में 9 सितंबर को गंभीर आकाशीय बिजली चमकने का अनुमान है। इसके साथ ही असम और मेघालय में 9 से 15 सितंबर तक लगातार भारी बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 से 13 सितंबर के बीच और अरुणाचल प्रदेश में 11 से 15 सितंबर के बीच मूसलाधार बारिश दर्ज की जाएगी।

उत्तर-पश्चिम भारत: उत्तराखंड और पंजाब-हरियाणा में बारिश के आसार

उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी और मैदानी राज्यों में 11 सितंबर से मानसूनी गतिविधियां बढ़ेंगी। उत्तराखंड में 11 से 14 सितंबर के बीच व्यापक स्तर पर बारिश होगी और 10 से 13 सितंबर के दौरान भारी बारिश की आशंका जताई गई है। हिमाचल प्रदेश में 14 और 15 सितंबर को झमाझम बारिश का अनुमान है। मैदानी इलाकों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 14 तथा 15 सितंबर को भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में 11 से 15 सितंबर के दौरान छिटपुट बारिश का दौर जारी रहेगा।

पश्चिमी भारत: कोंकण, गोवा और गुजरात में वीकेंड पर बढ़ेगी बारिश

पश्चिमी तट पर कोंकण और गोवा में 9 से 15 सितंबर तक व्यापक बारिश जारी रहेगी, जिसमें 13 और 14 सितंबर को भारी बारिश दर्ज होगी। मध्य महाराष्ट्र और सौराष्ट्र व कच्छ में भी 13 और 14 सितंबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। गुजरात क्षेत्र और मराठवाड़ा में 12 से 14 सितंबर के दौरान जोरदार बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत: तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में तेज आंधी

दक्षिण भारत के राज्यों में मौसम में भारी बदलाव आएगा। तेलंगाना में 11 और 12 सितंबर को व्यापक बारिश और भारी बारिश का अनुमान है। केरल और माहे में 10 से 12 सितंबर तक मूसलाधार बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 12 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है।

ये भी पढ़ें- PoK Bandh: पीओके में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ बगावत! फुल शटडाउन और खाली पड़ीं सड़कें, क्यों सुलग रहा है ये इलाका?

तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना और रायलसीमा में 9 से 13 सितंबर के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही और झोंकेदार हवाएं चलेंगी। इनकी स्पीड 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। IMD ने इन सभी राज्यों में तेज हवाओं और बिजली चमकने को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।