IMD ने जारी किया आंधी-तूफान का अलर्ट, 31 मई को इन 20+ राज्यों में तबाही वाला मौसम! भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी सलाह का पालन करने की अपील की गई है

अपडेटेड May 30, 2026 पर 10:13 PM
Story continues below Advertisement
1 जून 2026 के लिए देश के कई राज्यों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है।

राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में नौतपा के बीच 2 दिन से आंधी-तूफान और बारिश से मौसम बदल गया। शनिवार को देश के कई राज्यों में बारिश और आंधी का नजारा देखने को मिला। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के अंदर 20 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 70 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है।  भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 31 मई 2026 के लिए देश के कई राज्यों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी सलाह का पालन करने की अपील की गई है।


आंधी, ओलावृष्टि और तेज तूफान की चेतावनी

राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और विदर्भ में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रह सकता है।

कई राज्यों में बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा

गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

वहीं, केरल, लक्षद्वीप, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

इन इलाकों में जारी रह सकती है लू

बारिश और आंधी के बावजूद कुछ क्षेत्रों में गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, तेलंगाना और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। यहां लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।