IMD Weather Update: 24 घंटे में तेजी से बढ़ा टेंप्रेचर, बाड़मेर में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज, हीट वेव पर आया ये अलर्ट

IMD Weather Forecast: मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को गरज-चमक और बिजली गिरने से सावधान रहने की सलाह दी गई है

अपडेटेड Apr 14, 2026 पर 7:56 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Weather Update: 24 घंटे में तेजी से बढ़ा टेंप्रेचर, बाड़मेर में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज, हीट वेव पर आया ये अलर्ट

भारत के मौसम मिजाज में इस समय दो अलग अलग तस्वीरें देखने को मिल रही हैं। एक तरफ पूर्वोत्तर के राज्यों में तेज बारिश के हालात हैं, तो वहीं दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले 4-5 दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

राजस्थान में बाड़मेर सबसे गर्म

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के भीतर दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में पारा सामान्य से काफी ऊपर चला गया है। बाड़मेर में सर्वाधिक तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा है। कोटा में 41.5 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 40.8 डिग्री, जबकि जैसलमेर और चूरू में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी जयपुर में पारा 38.8 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4-5 दिनों तक राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा और 17-18 अप्रैल को जोधपुर व बीकानेर संभाग में तापमान 42 से 44 डिग्री तक जा सकता है।


इस बीच आप यहां नीचे मौसम के अलर्ट पर IMD काऑफिशियल बुलेटिन देख सकते हैं।

हीट वेव (लू) का अलर्ट

मध्य और आंतरिक भारत के लोगों के लिए आने वाले दिन भारी पड़ सकते हैं। IMD ने 15 और 16 अप्रैल से मध्य प्रदेश, विदर्भ (महाराष्ट्र) और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में लू (Heatwave) चलने की चेतावनी जारी की है।

हीट वेव का संभावित शेड्यूल:

  • 15-18 अप्रैल: रायलसीमा और तेलंगाना के कुछ इलाके।
  • 16-19 अप्रैल: मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़।
  • 17-18 अप्रैल: पश्चिमी राजस्थान और झारखंड।
  • 16-20 अप्रैल: ओडिशा में भीषण गर्मी का प्रकोप।

इसके अलावा, गुजरात, तमिलनाडु, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में मौसम काफी गर्म और उमस भरा बना रहेगा।

पूर्वोत्तर में भारी बारिश का 'येलो अलर्ट'

मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को गरज-चमक और बिजली गिरने से सावधान रहने की सलाह दी गई है। इसी तरह असम और मेघालय में 17 से 19 अप्रैल के बीच बारिश की तीव्रता और बढ़ने का अनुमान है।

दक्षिण भारत का हाल भी जानिए

दक्षिण भारत में मौसम अपेक्षाकृत थोड़ा नरम रह सकता है। केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की बौछारें पड़ने की उम्मीद है, जिससे चिलचिलाती गर्मी से मामूली राहत मिल सकती है। हालांकि, तटीय कर्नाटक और महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में 16 अप्रैल तक उमस भरी गर्मी परेशान करेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।