India and Pakistan Ceasefire : सीजफायर लागू होने के बाद भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। सीजफायर लागू होने के 3 घंटे बाद पाकिस्तान ने फिर से नापाक हरकत की है।पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के अखनूर, पुंछ, आरएसपुरा और नौशेरा सेक्टर में हैवी फायरिंग की। वहीं, राजौरी में शेलिंग (तोप और मोर्टार) की गई। बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम 5 बजे से सीजफायर लागू होने का ऐलान किया गया था।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा- ये कैसा सीजफायर है। श्रीनगर में धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है। वहीं शनिवार रात को पाकिस्तान ने कई इलाकों में संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए भारी गोलाबारी की, वहीं एक संदिग्ध ड्रोन को लेकर कश्मीर के बारामूला जिले में धमाका की भी आवाज आई है। जम्मू क्षेत्र के सांबा में सायरन बजने की आवाजें आ रही हैं। वहीं, श्रीनगर में 4-5 धमाकों की आवाज सुनी गई है। राजस्थान के पोखरण में भी पाकिस्तान ने ड्रोन से हमला किया है, लेकिन भारतीय सेना के एयर डिफेंस सिस्टम ने इसे नाकाम कर दिया है।
वहीं पठानकोट में ड्रोन दिखाई दिए जिसके बाद सायरन बजने लगे। इसी के साथ जम्मू, पंजाब और राजस्थान में ब्लैकआउट कर दिया गया है। पंजाब के फिरोजपुर में एक बार फिर से ब्लैकआउट घोषित किया गया है।
बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी महले के बाद से लगातार तनाव जारी था। इस हमले में आतंकियों ने 26 पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद भारत ने 7 मई को पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को एयर स्ट्राइक में तबाह कर दिया था।इसके बाद पाकिस्तान ने भारत पर असफल ड्रोन और मिसाइल हमले किए। वहीं 10 मई को सीजफायर लागू होने के बाद फिर पाकिस्तान ने अपनी नापाक हरकत की है।