India-Pakistan Ceasefire News: भारत और पाकिस्तान के बीच लड़ाई अब रुक गई है। भारत और पाकिस्तान सीजफायर के लिए राजी हो गए हैं। भारत-पाकिस्तान युद्धविराम को लेकर सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति के ऐलान के बाद भारत ने भी युद्धविराम का आधिकारिक जानकारी दी।भारतीय विदेश सचिव ने बताया है कि पाकिस्तान के डीजीएमओ का भारत के डीजीएमओ के पास फोन आया था, जिसके बाद दोनों देश आज शाम 5 बजे से सीजफायर पर सहमत हो गए हैं। वहीं सीजफायर के ऐलान से ही पहले पाकिस्तान को भारतीय सेना ने काफी नुकसान पहुंचाया है। सीजफायर से पहले ही भारत ने पाकिस्तान के एक दो नहीं बल्कि 7 एयरबेस को तबाह किया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट कर भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बारे में बताया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'रात में यूएस की मध्यस्थता में चली लंबी बातचीत के बाद मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान तुरंत और पूरी तरह हमले रोकने के लिए तैयार हो गए हैं। मैं दोनों देशों को कॉमनसेंस, समझदारी से भरा फैसला लेने के लिए बधाई देता हूं।'
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के ऐलान के बाद भारतीय विदेश सचिव ने मीडिया ब्रिफिंग की। अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान के 30 मिनट बाद विदेश सचिव विक्रम मिसरी शाम 6 बजे प्रेस ब्रीफ के लिए आए। उन्होंने कहा- पाकिस्तान के DGMO ने शनिवार दोपहर 3:35 बजे भारतीय DGMO को फोन किया। सहमति बनी कि दोनों पक्ष शनिवार दोपहर 5 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। इस सहमति को लागू करने के लिए दोनों पक्षों को निर्देश दिए गए हैं। वे 12 मई को दोपहर 12 बजे फिर से बात करेंगे।
वहीं पाकिस्तान ने भी सीजफायर की पुष्टि की पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा, 'पाकिस्तान और भारत ने तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम पर सहमति जताई है। पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयास किया है।'
दोनों देशों के बीच युद्धविराम के बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस ने प्रेस ब्रीफिंग की। इस प्रेस ब्रीफिंग में कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि हमने पाकिस्तान को बहुत भारी नुकसान पहुंचाया है। वहीं विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से ब्रह्मोस बेस को नुकसान पहुंचाने की खबर पूरी तरह से गलता है। पाकिस्तान की रक्षात्मक प्रणाली को हमने ध्वस्त किया है। भारत की सेना सुरक्षा करने में सक्षम है, हमने किसी धार्मिक स्थल को नुकसान नहीं पहुंचाया है। पाकिस्तान के कई एयरबोस को नुकसान हुआ है।
'ऑपरेशन सिंदूर' नहीं भूल पाएगा पाकिस्तान
बता दें कि शुक्रवार रात को भारत की जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान को बड़ा सैन्य नुकसान झेलना पड़ा। पाकिस्तान के 7 एयरबेस पूरी तरह तबाह हो चुके हैं। इनमें 5 एयरबेस और 2 रडार बेस शामिल हैं। इनमें नूर खान एयरबेस रावलपिंडी, रहमियार खान मुस्तफाबाद ,पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के चकवाल जिले में का मुरीद एयबेस, रहमियार खान, रफीकुई, मुरीदएयर बेस शामिल हैं। पाकिस्तानी ड्रोन लॉन्चपैड तबाह, AWACS सिस्टम नष्ट, हजारों करोड़ के हथियार और सैन्य उपकरण बर्बाद किए जा चुके हैं।