India-Pakistan War: 'हमें लगा था कि कोई नहीं बचेगा', पाकिस्तान के कायराना हमले पर राजौरी के लोगों ने बताई आपबीती

India Pakistan War: रक्षा अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को भी पाकिस्तान ने पश्चिमी सीमाओं पर ड्रोन हमले और भारी गोलीबारी जारी रखी। सुबह करीब पांच बजे जम्मू शहर और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को हवाई सायरन और धमाकों की आवाज आ रही थी

अपडेटेड May 10, 2025 पर 4:11 PM
Story continues below Advertisement
India-Pakistan War: रक्षा अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को भी पाकिस्तान ने पश्चिमी सीमाओं पर ड्रोन हमले और भारी गोलीबारी जारी रखी

India Pakistan War: भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। पाकिस्तान की ओर से लगातार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। वहीं सीमा से सटे इलाकों में पाकिस्तान लगातार ड्रोन हमले कर रहा है। भारतीय सेना इन ड्रोन हमले को नाकाम कर रही है। वहीं जम्मू क्षेत्र में शनिवार सुबह पाकिस्तान की भारी मोर्टार गोलाबारी और ड्रोन हमलों में जम्मू-कश्मीर सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी, एक दो साल की बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई।

रक्षा अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को भी पाकिस्तान ने पश्चिमी सीमाओं पर ड्रोन हमले और भारी गोलीबारी जारी रखी। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान द्वारा भारत की संप्रभुता का उल्लंघन करना और हमारे नागरिकों को खतरे में डालने की कोशिश बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भारतीय सेना दुश्मन की हर चाल को नाकाम कर देगी।"

अचानक चलने लगी गोलियां


सुबह करीब पांच बजे जम्मू शहर और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को हवाई सायरन और धमाकों की आवाज आ रही थी। राजौरी के लोगों ने गोलाबारी के दौरान बिताए डरावने पलों को याद करते हुए एक स्थानीय निवासी जावेद ने एएनआई से कहा, "सुबह करीब साढ़े पांच बजे हम यहां 10-12 लोग थे। पहले गोलियां चल रही थीं, फिर अचानक सभी शीशे टूट गए और चारों तरफ धुआं फैल गया। किसी तरह हम बच गए। सड़क के बीचों-बीच एक गोला गिरा हुआ है। सुबह से अब तक करीब 10-12 गोले गिर चुके हैं। मेरे कुछ रिश्तेदार ठंडी कस्सी गांव से यहां सुरक्षित रहने आए थे, लेकिन फिर यहां भी गोलाबारी शुरू हो गई। अब समझ नहीं आ रहा कि हम कहां जाएं?"

क्षेत्र की एक और स्थानीय निवासी नीना बेगम ने कहा, "हमें काफी नुकसान हुआ है, लेकिन अच्छी बात है कि हम सुरक्षित हैं। जब गोलाबारी शुरू हुई थी, तब लगा था कि कोई भी नहीं बचेगा।"

अधिकारियों ने क्या कहा

रक्षा अधिकारियों ने बताया कि, "राजौरी के एडिशनल डीसी राज कुमार थापा और उनके दो कर्मचारी राजौरी शहर में उनके सरकारी घर पर गोलाबारी में बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान थापा की मौत हो गई।"

राजौरी में भारी गोलीबारी

आज राजौरी शहर में पाकिस्तान की ओर से भारी गोलाबारी की गई। इसमें अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थापा के सरकारी आवास को निशाना बनाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इसके अलावा, शहर के एक औद्योगिक इलाके में पाकिस्तानी गोलाबारी में दो साल की आयशा नूर और 35 वर्षीय मोहम्मद शोहिब की भी मौत हो गई। इस हमले में तीन लोग घायल भी हुए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर के कंघरा-गलहुट्टा गांव में मोर्टार शेल गिरने से 55 वर्षीय रशीदा बी नामक महिला की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि एक अन्य घटना में, जम्मू जिले के आर एस पुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा पार से हुई गोलीबारी में बिदीपुर जट्टा गांव के अशोक कुमार उर्फ शौकी की मौत हो गई।

India-Pakistan Tension: फिलहाल परमाणु विकल्प पर नहीं हो रहा विचार- पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।