तुर्किये की कंपनी Celebi Airport Services India का सिक्योरिटी क्लीयरेंस रद्द, दिल्ली एयरपोर्ट ने खत्म किया करार

तुर्किये और अजरबैजान ने पाकिस्तान का समर्थन किया है और ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर भारत के हाल के हमलों की आलोचना की है। दिल्ली हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी डायल ने सेलेबी के साथ अपना करार औपचारिक रूप से खत्म कर दिया है

अपडेटेड May 15, 2025 पर 10:02 PM
Story continues below Advertisement
भारत पर हाल के हमलों में पाकिस्तान ने बड़े पैमाने पर तुर्किये के ड्रोन का भी इस्तेमाल किया।

नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) ने राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में तुर्किये की कंपनी सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सुरक्षा मंजूरी यानि सिक्योरिटी क्लीयरेंस को रद्द कर दिया है। यह एक ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी है। यह फैसला तुर्किये की ओर से पाकिस्तान को सपोर्ट करने और वहां के आतंकवादी ठिकानों पर भारत के हाल के हमलों की आलोचना के कुछ दिन बाद आया है। तुर्किये स्थित सेलेबी की एक यूनिट सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया 9 हवाई अड्डों- मुंबई, दिल्ली, कोचीन, कन्नूर, बेंगलुरु, हैदराबाद, गोवा (GOX), अहमदाबाद और चेन्नई में सर्विसेज देती है।

BCAS ने एक आदेश में कहा, ‘‘... सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लि. के संबंध में सुरक्षा मंजूरी, राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती है।’’ तुर्किये और अजरबैजान ने पाकिस्तान का समर्थन किया है और ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ठिकानों पर भारत के हाल के हमलों की आलोचना की है। भारत पर हाल के हमलों में पाकिस्तान ने बड़े पैमाने पर तुर्किये के ड्रोन का भी इस्तेमाल किया।

दिल्ली हवाई अड्डे ने खत्म किया करार


दिल्ली हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी डायल ने सेलेबी के साथ अपना करार औपचारिक रूप से खत्म कर दिया है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने बयान में कहा कि BCAS के निर्देश का पालन करते हुए उसने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सेलेबी कंपनियों के साथ अपने करार को औपचारिक रूप से समाप्त कर दिया है।

तुर्किये का हो रहा है बहिष्कार

तुर्किये के पाकिस्तान के पक्ष में रुख को देखते हुए कुछ तबकों से वहां के सामान और पर्यटन का बहिष्कार करने की मांग की जा रही है। कुछ ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल्स और एसोसिएशन ने भी लोगों को तुर्किये की यात्रा न करने के लिए सलाह जारी की है।

JNU के बाद जामिया मिलिया इस्लामिया ने ‘राष्ट्रीय सुरक्षा’ का हवाला देते हुए तुर्की के साथ सस्पेंड किया MoU

सेलेबी की वेबसाइट के अनुसार, भारत में इसकी उपस्थिति तीन अलग-अलग इकाइयों के रूप में तेजी से बढ़ी। कंपनी ने भारत में अपना पहला कदम एक जॉइंट वेंचर के रूप में रखा था, जिसका उद्देश्य मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर व्यापक और विश्वस्तरीय सेवाएं प्रदान करना था। वेबसाइट के अनुसार, एक साल के अंदर सेलेबी भारत में सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया के रूप में ग्राउंड हैंडलिंग और दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सेलेबी दिल्ली कार्गो टर्मिनल मैनेजमेंट इंडिया के रूप में कार्गो सेवाएं प्रदान करने के लिए रजिस्टर हो गई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।