बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान मुरासु आंध्र प्रदेश के तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसकी वजह से दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं मौसम को देखते हुए इंडिगो ने एहतियात के तौर पर 3 नवंबर को विजयवाड़ा एयरपोर्ट से आने-जाने वाली आठ उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरपोर्ट के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) ने इसकी जानकारी दी है। यह फैसला खराब मौसम के कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
इन आठ उड़ानों के रद्द होने से सात घरेलू और एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट प्रभावित होगी। इसके चलते विजयवाड़ा से दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और कडप्पा के साथ-साथ सिंगापुर आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। इन शहरों के बीच हवाई यात्रा की सुविधा पर असर पड़ेगा।
एयरपोर्ट PRO के अनुसार, रद्द की गई उड़ानों में दिल्ली से विजयवाड़ा और वापस आने वाली फ्लाइट 6446/6447 भी शामिल है। ये विमान सुबह 7:25 बजे विजयवाड़ा पहुंचने और 7:55 बजे दिल्ली के लिए रवाना होने वाला था। इसके अलावा, बेंगलुरु-विजयवाड़ा-बेंगलुरु की फ्लाइट 7203/7204 भी रद्द कर दी गई है। ATR-72 विमान से संचालित यह फ्लाइट सुबह 7:30 बजे आने और 7:55 बजे वापस जाने वाली थी।
ये उड़ाने पहले हुई थी रद्द
सुबह रद्द की गई अन्य उड़ानों में हैदराबाद से विजयवाड़ा और वापस जाने वाली फ्लाइट 2572/2573 शामिल है। ये विमान सुबह 8:15 बजे पहुंचने और 8:45 बजे रवाना होने वाला था। इसके अलावा, चेन्नई-विजयवाड़ा-चेन्नई रूट की फ्लाइट 7303/7304 भी रद्द कर दी गई है। इस फ्लाइट के सुबह 8:30 बजे आने और 9 बजे वापस जाने का समय तय था।
इंटरनेशनल उडानें भी हुई रद्द
चक्रवात मुरासु के चलते इंडिगो ने अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी रद्द कर दी है। इसमें सिंगापुर से विजयवाड़ा और वापस जाने वाली फ्लाइट 1030/1029 शामिल है। एयरबस A320 विमान से संचालित यह फ्लाइट सुबह 7:55 बजे विजयवाड़ा पहुंचने और 9:40 बजे सिंगापुर के लिए रवाना होने वाली थी। इसके अलावा, दोपहर में हैदराबाद-विजयवाड़ा-हैदराबाद रूट की फ्लाइट 6326/6327 भी रद्द कर दी गई है। ये विमान दोपहर 1:15 बजे आने और 1:45 बजे वापस जाने वाला था।
इसके अलावा, कडप्पा से विजयवाड़ा और वापस जाने वाली फ्लाइट 7711/7712 भी रद्द कर दी गई है। ये विमान दोपहर 2:30 बजे विजयवाड़ा पहुंचने और 2:50 बजे वापस रवाना होने वाला था। वहीं, शाम को बेंगलुरु-विजयवाड़ा-बेंगलुरु रूट की फ्लाइट 7223/7224 भी रद्द कर दी गई है। यह फ्लाइट शाम 5:25 बजे आने और 5:45 बजे जाने वाली थी। ऐसे में 3 नवंबर को विजयवाड़ा से यात्रा करने या वहां पहुंचने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले इंडिगो की वेबसाइट या ऐप पर अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें।
इन राज्यों में चलेगी तेज हवा
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना गंभीर चक्रवाती तूफान 'मुरासु' तूफान 2 नवंबर की आधी रात से 3 नवंबर की सुबह के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। तूफान के कारण आंध्र प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बेहद भारी बारिश का भी अनुमान है। इसके अलावा तेलंगाना, तमिलनाडु, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक समेत कई राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।