भारत ने अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हमलों की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस संबंध में कहा कि भारत, अफगानिस्तान के क्षेत्र में पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है। अफगान तालिबान सरकार ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ने काबुल और पूर्वी अफगानिस्तान के कई इलाकों में हवाई हमले किए हैं। जिसमें कई नागरिकों की मौत के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचा था। इस पर भारत की ओर से अब कड़ी प्रतिक्रिया दी गई है।
भारत ने अफगानिस्तान पर हमलों की निंदा की
भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) की ओर से जारी बयान में, भारत ने इन हमलों को अफगानिस्तान की संप्रभुता पर एक आक्रामक कृत्य करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। बयान में कहा गया कि पाक की ओर से किए गए हवाई हमलों में कई निर्दोष नागरिकों की जान गई है और नागरिक बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। भारत ने इन हमलों में हुई जनहानि पर गहरा दुख जताया।
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के हमलों के कुछ ही घंटों बाद अफगानिस्तान ने जवाबी कार्रवाई भी की। काबुल का दावा किया कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के पास और उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। अफगान सरकार के प्रवक्ता ज़बीहुल्ला मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी विमानों ने दक्षिणी अफगानिस्तान के कंधार हवाई अड्डे के पास भी हमला किया। उनके अनुसार, यह हमला एक ईंधन डिपो पर किया गया, जो निजी एयरलाइन ‘काम एयर’ से जुड़ा हुआ था। मुजाहिद ने बताया कि इस ईंधन भंडार का इस्तेमाल नागरिक उड़ानों और संयुक्त राष्ट्र की उड़ानों के लिए किया जाता था। ऐसे में इस हमले से नागरिक सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है।
बता दें कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने शुक्रवार को पाकिस्तानी सेना पर काबुल और देश के अन्य क्षेत्रों में रात भर चले हवाई हमलों में आम लोगों के घरों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। तालिबान ने कहा कि इन हमलों में कम से कम छह नागरिक मारे गए और कई अन्य घायल हुए। दोनों पड़ोसी देशों के बीच लड़ाई का यह तीसरा सप्ताह है।