Trump tariffs : अमेरिका के साथ ट्रेड डील के लिए यह हफ्ता काफी अहम है। US उपराष्ट्रपति JD वेंस 4 दिन के भारत दौरे पर हैं। वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी अमेरिका के दौरे पर हैं। इस पर ज्यादा जानकारी देते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के इकोनॉमिक पॉलिसी एडीटर लक्ष्मण रॉय ने बताया कि भारत-US ट्रेड डील पर चर्चा आगे बढ़ रही है। US ट्रेड डील की तरफ 3 बड़े कदम उठाए गए हैं। US उपराष्ट्रपति 4 दिन की भारत यात्रा पर पहुंचे है। JD वेंस आज शाम PM मोदी से मिलेंगे। इस मुलाकात में टैरिफ के साथ-साथ कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा संभव है।
JD वेंस 22 अप्रैल को जयपुर और 23 अप्रैल को आगरा जाएंगे। वहीं, राजेश अग्रवाल 23 अप्रैल को 3 दिन के US दौरे पर जाएंगे। राजेश अग्रवाल भारत के चीफ निगोशिएटर हैं। राजेश अग्रवाल US के साथ ट्रेड डील के ड्राफ्ट पर वार्ता करेंगे। 90 दिन में पहले फेज की डील करने की कोशिश होगी। राजेश अग्रवाल की ये टीम अमेरिका को बताएगी की भारत किन-किन प्रोडक्ट पर अमेरिका को इंपोर्ट ड्यूटी में ढ़ील दे सकता है और उसे अमेरिका से किन प्रोडक्टस पर इंपोर्ट ड्यूटी में ढ़ील की उम्मीद है। ये दौरा काफी अहम होगा। इस बैठक से भारत और अमेरिका के बीच होने वाली ट्रेड डील का स्वरूप स्पष्ट होगा।
उधर FM निर्मला सीतारमण 25 अप्रैल तक US दौरे पर रहेंगी। FM यहां IT कंपनियों के CEOs ओर फंड मैनेजरों से मिलेंगी। FM यहां IMF, वर्ल्ड बैंक और G20 की बैठकों में भी शामिल होंगी।
लक्ष्मण रॉय ने आगे कहा कि भारत ने आज 90 दिनों की समय सीमा के भीतर होने वाले ट्रेड डील की पहली किस्त की तैयारी आज से शुरू कर दी है। भारत के प्रधान मंत्री के साथ आज शाम होने वाली JD वेंस की बैठक में इस बात की चर्चा हो सकती है कि भारत अमेरिका से क्या अपेक्षा रखता है और अमेरिका भारत से किस बात की उम्मीद रखता है। JD वेंस का ये दौरा यूएस-भारत ट्रेड डील के लिए काफी अहम माना जा रहा है।