India Weather Today: दिल्ली से लेकर मुंबई तक होगी झमाझम बारिश, IMD ने इन इलाकों में हैवी रेन और आंधी तूफान का अलर्ट दिया

India Weather Today: दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन में असामान्य देरी के बीच मुंबई के कुछ हिस्सों में सोमवार सुबह हल्की से मध्यम बारिश हुई। इससे लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली। IMD ने कहा है कि महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं

अपडेटेड Jun 22, 2026 पर 8:59 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
India Weather Today: IMD के मुताबिक, मुंबई सहित कोंकण क्षेत्र में बारिश धीरे-धीरे बढ़ने की उम्मीद है

India Weather Today: मुंबई में मानसून की बारिश शुरू हो चुकी है। मुंबई में लंबे समय से जारी भीषण गर्मी के बाद पहली अच्छी बारिश हुई है। इससे भीषण गर्मी और उमस से मुंबईवासियों को बड़ी राहत मिली है। सोमवार यानी 22 जून को मुबई और नवी मुंबई के कई हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग (IMD) ने धीरे-धीरे बारिश तेज होने की संभावना जताई है। IMD ने कहा है कि 23 जून के आसपास महाराष्ट्र के और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल बने हुए हैं। इसका मतलब है कि आने वाले दिनों में मुंबई में लगातार बारिश हो सकती है।

IMD के मुताबिक, मुंबई सहित कोंकण क्षेत्र में बारिश धीरे-धीरे बढ़ने की उम्मीद है। लेकिन IMD ने 22 जून से 27 जून के बीच कोंकण और गोवा में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान लगाया है। 22-25 जून के दौरान कोंकण और गोवा में बिजली कड़कने और 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की भी संभावना है।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी दोपहर या शाम को आंधी-तूफान और 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37°C से 39°C के बीच रहने की उम्मीद है।


IMD फोरकास्ट

मुंबई और महाराष्ट्र: बारिश बढ़ने की उम्मीद है। 23 जून के आसपास महाराष्ट्र में मानसून के और आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं। पूरे सप्ताह कोंकण और गोवा में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत: 25 जून तक असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और पड़ोसी राज्यों के कुछ हिस्सों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। इससे संवेदनशील इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा हो सकता है।

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम: भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। पूरे सप्ताह कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है।

पूर्वी भारत: बिहार, झारखंड और ओडिशा में छिटपुट बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। साथ ही बिहार और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है।

हीटवेव (लू) की चेतावनी: विदर्भ, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति (हीटवेव) बने रहने की उम्मीद है। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी हीटवेव की स्थिति बन सकती है।

कहां कितनी हुई बारिश?

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, सुबह छह बजे से सात बजे के बीच घाटकोपर स्थित महानगरपालिका द्वारा संचालित रामाबाई विद्यालय में सबसे अधिक 24 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। इसके बाद चेंबूर अग्निशमन केंद्र में 20 मिलीमीटर और मानखुर्द अग्निशमन केंद्र में 16 मिलीमीटर बारिश हुई।

इसके बाद सुबह सात बजे से आठ बजे के बीच महानगरपालिका द्वारा संचालित वर्ली सी-फेस विद्यालय और सावित्रीबाई फुले विद्यालय में 25-25 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो शहर में सर्वाधिक रही।

इसके अलावा, लोअर परेल स्थित जी-दक्षिण वार्ड कार्यालय में 21 मिलीमीटर और वर्ली अग्निशमन केंद्र में 17 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान जलभराव या बारिश से संबंधित किसी बड़ी घटना की सूचना नहीं मिली।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।