'ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी', पाकिस्तान से सीजफायर के बीच भारतीय वायुसेना ने दी ये बड़ी जानकारी

Operation Sindoor : पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए। इन हमलों में कुल 26 आतंकियों की मौत हुई थी, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के कम से कम 10 पारिवारिक सदस्य और उसके चार करीबी सहयोगी शामिल हैं

अपडेटेड May 11, 2025 पर 2:28 PM
Story continues below Advertisement
पाकिस्तान से सीजफायर के बाद भारतीय वायु सेना (IAF) ने बड़ी जानकारी दी है।

India Pakistan Ceasefire: पाकिस्तान से सीजफायर के बाद भारतीय वायु सेना (IAF) ने बड़ी जानकारी दी है। वायु सेना ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है। IAF ने कहा कि हमने इस ऑपरेशन के लक्ष्य को पूरा किया है और इसके बारे में डिटेल में जानकारी दी जाएगी। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पहले पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकी ठिकानों को तबाह किया। इसके बाद पाकिस्तानी हमलों को का मुंहतोड़ जवाब देते हुए उसके 11 एयरबेस को भी तबाह कर दिया।

जारी है ऑपरेशन सिंदूर


भारतीय वायुसेना ने बताया है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत उसे सौंपे गए सभी टरगेट को सटीकता और पेशेवर तरीके से सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। यह अभियान पूरी तरह से राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए सोच-समझकर किया गया। आईएएफ ने यह भी स्पष्ट किया कि, चूंकि ऑपरेशन अभी जारी है, इसलिए विस्तृत जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी। साथ ही वायुसेना ने सभी लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें। यह जानकारी आईएएफ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा की।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत और पाकिस्तान ने हाल ही में तत्काल युद्धविराम पर सहमति जताई है। यह सहमति चार दिनों तक चली सैन्य तनाव, सीमा पार ड्रोन हमलों और मिसाइल हमलों के बाद बनी है, जिसके तहत अब भूमि, वायु और समुद्र—तीनों क्षेत्रों में सभी प्रकार की सैन्य कार्रवाई रोकने की घोषणा की गई है।

भारत के सामने पाकिस्तान की एक ना चली

पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए। इन हमलों में कुल 26 आतंकियों की मौत हुई थी, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के कम से कम 10 पारिवारिक सदस्य और उसके चार करीबी सहयोगी शामिल हैं। जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनमें पाकिस्तान के रफीकी (शोरकोट, झंग), मुरीद (चकवाल), नूर खान (चकलाला, रावलपिंडी), रहीम यार खान, सुक्कुर और चुनियान (कसूर) स्थित आतंकी ठिकाने प्रमुख हैं। इसके अलावा, स्कार्दू, भोलारी, जैकोबाबाद और सरगोधा स्थित वायुसेना के अड्डों को भी भारी क्षति पहुंचाई गई है।

एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर की गई कार्रवाई में अपनी शक्तिशाली ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का प्रयोग किया है। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव उस समय और बढ़ गया, जब बुधवार को भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए। इन हमलों के बाद, पाकिस्तान की ओर से भारत की उत्तरी और पश्चिमी सीमाओं पर स्थित कई सैन्य प्रतिष्ठानों और नागरिक इलाकों को निशाना बनाने की कोशिश की गई, हांलाकि यहां भी उसे मुंह की खानी पड़ी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।