Republic Day Parade: गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार दिखेगा 'एनिमल दस्ता', बैक्ट्रियन ऊंट और जांस्कर पोनी बनेंगे आकर्षण का केंद्र

Republic Day Parade 2026: विशेष 'एनिमल दस्ता' न केवल सेना की परंपरा को दर्शाएगा, बल्कि दुर्गम हिमालयी सीमाओं पर हमारे इन 'मूक योद्धाओं' के अटूट योगदान और बलिदान को भी सलाम करेगा। सेना अब विदेशी नस्लों के बजाय स्वदेशी भारतीय नस्लों को बढ़ावा दे रही है

अपडेटेड Dec 31, 2025 पर 1:37 PM
Story continues below Advertisement
इस अनोखे दस्ते में लद्दाख की बर्फीली चोटियों से लेकर मैदानों तक तैनात होने वाले विभिन्न जानवर शामिल होंगे

Republic Day Parade: गणतंत्र दिवस 2026 की परेड ऐतिहासिक होने जा रही है। पहली बार कर्तव्य पथ पर भारतीय सेना के 'रिमाउंट एंड वेटरनरी कॉर्प्स' (RVC) द्वारा तैयार एक विशेष 'एनिमल दस्ता' (Animal Contingent) अपना जलवा बिखेरेगा। यह दस्ता न केवल सेना की परंपरा को दर्शाएगा, बल्कि दुर्गम हिमालयी सीमाओं पर हमारे इन 'मूक योद्धाओं' के अटूट योगदान और बलिदान को भी सलाम करेगा।

दस्ते में कौन-कौन से जानवर होंगे शामिल?

इस अनोखे दस्ते में लद्दाख की बर्फीली चोटियों से लेकर मैदानों तक तैनात होने वाले विभिन्न जानवर शामिल होंगे:


बैक्ट्रियन ऊंट (Bactrian Camels): दो कूबड़ वाले ये ऊंट दस्ते की अगुवाई करेंगे। इन्हें हाल ही में लद्दाख के 'कोल्ड डेजर्ट' में गश्त और रसद पहुंचाने के लिए शामिल किया गया है।

जांस्कर पोनी (Zanskar Ponies): लद्दाख की यह स्वदेशी नस्ल अपनी जबरदस्त सहनशक्ति के लिए जानी जाती है। परेड में 4 जांस्कर पोनी शामिल होंगी।

शिकारी पक्षी (Raptors): हवाई निगरानी और बर्ड-स्ट्राइक को रोकने के लिए प्रशिक्षित 4 शिकारी पक्षी भी परेड का हिस्सा होंगे।

आर्मी डॉग्स (Army Dogs): मेरठ के RVC सेंटर में प्रशिक्षित 10 भारतीय नस्ल के कुत्ते (मुधोल हाउंड, रामपुर हाउंड आदि) और 6 विदेशी नस्ल के सैन्य कुत्ते मार्च पास्ट करेंगे।

मूक योद्धाओं की ये है खासियत

बैक्ट्रियन ऊंट: 15,000 फीट की ऊंचाई पर 250 किलो तक वजन ढो सकते है।

जांस्कर पोनी: -40°C तापमान में भी 40-60 किलो वजन लेकर 70 किमी तक चल सकते है।

शिकारी पक्षी: दुश्मन के ड्रोन को मार गिराने और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी में माहिर।

आर्मी डॉग्स: 'साइलेंट वॉरियर्स' के रूप में बम धमाकों को रोकने और रेस्क्यू ऑपरेशन में सहायक।

सेना अब विदेशी नस्लों के बजाय स्वदेशी भारतीय नस्लों को बढ़ावा दे रही है। गणतंत्र दिवस पर इनका प्रदर्शन रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को भी प्रदर्शित करेगा।

दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

नए साल और गणतंत्र दिवस को देखते हुए दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। दिल्ली में लगभग 20,000 जवान तैनात किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और CCTV से निगरानी की जा रही है। गृह मंत्रालय ने 53 अतिरिक्त अर्धसैनिक कंपनियों (करीब 5,800 जवान) को तैनात करने की मंजूरी दी है। कनॉट प्लेस, हौज खास और बॉर्डर्स पर विशेष पिकेट्स और बैरिकेड्स लगाए गए है ताकि नए साल के जश्न के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।