दिल्ली से उड़ान भरने वाले इंडिगो के एक विमान को बम से उड़ाने (Indigo bomb Threat) की धमकी मिली है। उड़ान के बीच में धमकी मिलने के बाद फ्लाइट में हड़कंप मच गया। विमान तो तुरंत को लखनऊ एयरपोर्ट की तरफ डायवर्ट कर दिया गया। सुबह 9:17 बजे लखनऊ में फ्लाइट की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग हुई है।
इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा,“18 जनवरी 2026 को दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6650 में सुरक्षा खतरे की सूचना मिली। तय सुरक्षा नियमों के तहत विमान को तुरंत लखनऊ भेज दिया गया। हमने फौरन संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी और ज़रूरी सुरक्षा जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।” एयरलाइन ने यह भी साफ किया कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और सभी नियमों का पालन किया जा रहा है।
बयान में आगे कहा गया कि एयरलाइन यात्रियों को होने वाली परेशानी कम करने की पूरी कोशिश कर रही है। इसमें रिफ्रेशमेंट देना और यात्रियों को समय-समय पर जानकारी देना शामिल है। इंडिगो ने दोहराया कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा हमेशा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता रहती है। इसी बीच, इंडिगो की फ्लाइट में बम की सूचना मिलने के बाद अफरा-तफरी मच गई, जिसके चलते विमान को इमरजेंसी में डायवर्ट करना पड़ा।
टॉयलेट के टिशू पेपर पर लिखा था ये मैसेज
असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) रजनीश वर्मा के मुताबिक, यह धमकी विमान के टॉयलेट में मिले एक हाथ से लिखे नोट के जरिए मिली थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से छानबीन कर रही हैं। ACP ने बताया, “फ्लाइट के टॉयलेट में एक टिशू पेपर पर लिखा हुआ संदेश मिला, जिसमें कहा गया था कि विमान में बम है। इस फ्लाइट में पायलट और क्रू के साथ 238 यात्री सवार थे। विमान दिल्ली से बागडोगरा जा रहा था। इसके बाद फ्लाइट ने लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग की और फिलहाल इसकी पूरी तलाशी ली जा रही है।”
लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरते ही सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई की। विमान को आइसोलेशन बे में खड़ा कर घेर लिया गया। बम निरोधक दस्ता और CISF की टीमें जांच में जुट गईं। सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाला गया, उनकी जांच की गई और एयरपोर्ट पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब 8:46 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को संदेश मिला था कि IndiGo की फ्लाइट 6E-6650 (दिल्ली–बागडोगरा) में बम होने की सूचना है। इसके बाद विमान ने सुबह 9:17 बजे लखनऊ में सुरक्षित लैंडिंग की।