Indigo Flights Cancelled: इंडिगो की 270 से ज्यादा फ्लाइट्स हुईं कैंसिल, एयरपोर्ट्स पर मुश्किल में फंसे यात्री, उड़ानें लेट या रद्द होने पर क्या करें?

Indigo Flights Delay: पिछले 3 दिनों में हजारों यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है, जो आज भी जारी है। अचानक उड़ानें रद्द होने और लंबी देरी के कारण हमेशा समय पर चलने वाली इंडिगो एयरलाइन की साख पर भी बड़ा असर पड़ा है

अपडेटेड Dec 04, 2025 पर 3:38 PM
Story continues below Advertisement
इंडिगो की अब तक 270 से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी है, जिससे यात्री बेंगलुरु, दिल्ली जैसे प्रमुख हवाई अड्डों पर घंटों तक फंसे रहे

Indigo Flights Cancelled: भारत के कई हवाई अड्डों पर इस सप्ताह इंडिगो के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कभी फ्लाइट का लेट होना तो कभी रद्द हो जाना। पिछले 3 दिनों में हजारों यात्रियों को ऐसी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है, जो आज भी जारी है। अचानक उड़ानें रद्द होने और लंबी देरी के कारण हमेशा समय पर चलने वाली इंडिगो एयरलाइन की साख पर भी बड़ा असर पड़ा है। इस मुश्किल परिस्थिति का अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 270 से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी है, जिससे यात्री बेंगलुरु, दिल्ली जैसे प्रमुख हवाई अड्डों पर घंटों तक फंसे रहे।

आइए आपको विस्तार से बताते हैं आखिर क्यों हो रही इंडिगो की उड़ानों में देरी और इससे बचने के लिए आप क्या करें।

इंडिगो में इस गंभीर परिचालन समस्या के पीछे एक साथ कई प्रमुख वजहें है:


1. FDTL नियमों का प्रभाव: ऑपरेशन में हो रही देरी का मुख्य कारण अपडेटेड फ्लाइट ड्यूटी समय सीमा (FDTL) नियमों के कारण उत्पन्न हुआ अचानक दबाव है। ये नियम पायलटों और केबिन क्रू के लिए लंबे आराम के घंटे और अधिक रोस्टरिंग अनिवार्य करते हैं। इंडिगो, जो 60% से अधिक घरेलू बाजार की हिस्सेदारी रखती है, इन नए नियमों के अनुसार अपने विशाल कार्यबल को तुरंत मैनेज करने में विफल रही है, जिससे पायलटों की कमी हुई है।

2. परिचालन संबंधी समस्याएं: एयरलाइन ने स्वयं स्वीकार किया है कि इस व्यवधान में तकनीकी गड़बड़ियों, सर्दियों के शेड्यूल में बदलाव और खराब मौसम की स्थिति जैसे अप्रत्याशित कारकों का भी योगदान है।

3. कुप्रबंधन के आरोप: हवाई यात्रा से जुड़े मामलों की एक्सपर्ट शक्ति लुंबा ने सीधे इंडिगो के कुप्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि लागत कम करने के लिए पायलटों का वेतन कम किया गया और विमानों का अधिकतम उपयोग किया गया, जिससे क्रू को बहुत कम आराम मिला और मौजूदा संकट गंभीर हो गया।

अव्यवस्था से बचने के लिए यात्रियों को सुझाव

इंडिगो ने अगले 48 घंटों में स्थिरता बहाल करने के लिए शेड्यूल में बदलाव की घोषणा की है। फिलहाल जिन यात्रियों की उड़ाने है उन्हें संभावित अनिश्चितता के लिए तैयार रहना चाहिए।

फ्लाइट स्टेटस लगातार चेक करें: केवल शुरुआती कंफर्मेशन मेल पर निर्भर न रहें। घर से निकलने से पहले इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर हर दो घंटे में अपनी उड़ान का स्टेटस की जांच करें, क्योंकि शेड्यूल लगातार बदल रहे हैं।

डिजिटल अलर्ट पर ध्यान दें: अपने फोन और ईमेल को हमेशा चेक करते रहें, क्योंकि रद्द होने या देरी की सूचना अक्सर केवल SMS और ईमेल के माध्यम से ही मिलती है। यह अनावश्यक रूप से हवाई अड्डे जाने से बचा सकता है।

समझदारी से पहुंचे: फिलहाल हवाई अड्डों पर काफी भीड़भाड़ वाला माहौल है। अपनी उड़ान की लेटेस्ट स्टेटस करने और अगर फ्लाइट कई घंटों के लिए लेट है, तो एयरपोर्ट पर बहुत जल्दी पहुंचकर अपनी परेशानी न बढ़ाएं।

उड़ान रद्द होने पर क्या करें?

अगर आपकी उड़ान रद्द हो जाती है और आपको किसी भी हाल में टाइम पर पहुंचना है, तो तुरंत वैकल्पिक एयरलाइन या आस-पास के हवाई अड्डों से बुकिंग के ऑप्शन तलाशें। इंडिगो ने पुष्टि की है कि प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था या रिफंड पाने का अधिकार है। यदि एयरलाइन तुरंत ये विकल्प न दे, तो ग्राहक सेवा डेस्क पर या ऑनलाइन इसकी मांग करें। अगर आपकी यात्रा बीमा पॉलिसी देरी और रद्दीकरण को कवर करती है, तो मुआवजे के लिए सभी दस्तावेज, देरी का समय और रद्दीकरण का प्रमाण संभाल कर रखें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।