महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में iPhone की किस्त को लेकर शुरू हुआ एक पारिवारिक विवाद बेहद दर्दनाक घटना में बदल गया। 18 वर्षीय कुणाल को लेकर शुरू हुआ यह मामला कुछ ही घंटों में इतना गंभीर हो गया कि एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को हुई इस घटना ने इलाके के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया। बताया जा रहा है कि कुणाल ने EMI पर iPhone खरीदा था और किस्त को लेकर परिवार में तनाव चल रहा था। इसी बीच घर में हुए विवाद के बाद वह अचानक घर से निकल गया। इसके बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने उसे वापस लाने की कोशिश की।
कई घंटों तक चली इस कोशिश के बावजूद हालात नहीं संभल सके और आखिरकार यह मामला एक ऐसी त्रासदी में बदल गया, जिसमें परिवार ने अपने तीन सदस्यों को खो दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिता से बहस के बाद पहाड़ी पर चढ़ा युवक
घटना शुक्रवार को वालुज MIDC थाना क्षेत्र के तिसगांव इलाके की है। रिपोर्ट के मुताबिक, नई किस्त को लेकर कुणाल की अपने पिता मुरलीधर चंदगुडे से बहस हो गई। इसके बाद वह सुबह करीब 10 बजे घर से निकलकर पास की एक पहाड़ी पर जा चढ़ा।
तीन घंटे तक लोग मनाते रहे
कुणाल को पहाड़ी के किनारे देखकर उसके माता-पिता और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे तक सभी उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाते रहे। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भी लोग उससे आत्म हत्या न करने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं।
एक व्यक्ति ने उससे कहा, “अपनी मां के लिए जीयो।” लेकिन कुणाल ने कथित तौर पर जवाब दिया कि उसे मरना ही है और उसके पास यही एक रास्ता बचा है।
iPhone देने का वादा भी नहीं बदल पाया फैसला
पूर्व तिसगांव सरपंच संजय जाधव ने बताया कि कुणाल को समझाने के लिए लोगों ने हर संभव कोशिश की। यहां तक कि कुछ लोगों ने उससे नीचे आने पर iPhone 15 Pro दिलाने का वादा भी किया। इसके बावजूद वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।
बेटे को बचाने पहुंचे पिता, दोनों खाई में गिरे
करीब दोपहर 1 बजे कुणाल के पिता उसे बचाने के लिए पहाड़ी के किनारे तक पहुंचे। इसी दौरान दोनों के बीच संघर्ष हुआ और अचानक संतुलन बिगड़ने से पिता-पुत्र गहरी खाई में जा गिरे।
पति और बेटे को गिरता देख मां ने भी लगा दी छलांग
अपने पति और बेटे को खाई में गिरते देखकर कुणाल की मां संगीता खुद को संभाल नहीं सकीं। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने भी चट्टान से छलांग लगा दी। इस दर्दनाक हादसे में कुणाल, उसके पिता मुरलीधर और मां संगीता तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने पूरी घटना देखी।