भारी बारिश से जम्मू-कश्मीर में हालात बिगड़े, रोकी गई अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता प्रभावित इलाकों में लोगों की जान बचाना है। उन्होंने बताया कि वह रविवार सुबह से ही हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, खासकर राजौरी शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में, जहां भारी बारिश से स्थिति गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा कि वह स्थानीय विधायकों के लगातार संपर्क में हैं और प्रशासन पूरी तरह से राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है

अपडेटेड Jul 19, 2026 पर 11:51 AM
जम्मू-कश्मीर में मौसम तेजी से खराब हो रहा है।

जम्मू-कश्मीर में मौसम तेजी से खराब हो रहा है। बीते 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश की वजह से यहां बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। राजौरी, अनंतनाग, उधमपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की स्थिति बनी है। वहीं कई इलाकों में शनिवार को हुई भारी बारिश के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अमरनाथ यात्रा और श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता प्रभावित इलाकों में लोगों की जान बचाना है। उन्होंने बताया कि वह रविवार सुबह से ही हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, खासकर राजौरी शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में, जहां भारी बारिश से स्थिति गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा कि वह स्थानीय विधायकों के लगातार संपर्क में हैं और प्रशासन पूरी तरह से राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार हर प्रभावित परिवार की हरसंभव मदद करेगी। जिन लोगों के घरों और संपत्ति को भारी बारिश या अचानक आई बाढ़ से नुकसान हुआ है, उन्हें भी हर जरूरी सहायता दी जाएगी।

महिला लापता, घरों और दुकानों को भारी नुकसान


जम्मू-कश्मीर के राजौरी ज़िले में तेज़ बारिश के बाद अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। इस हादसे में एक महिला लापता हो गई है, जबकि कई घरों, गाड़ियों और दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। शनिवार रात शुरू हुई मूसलाधार बारिश से रिहायशी और निचले इलाकों में पानी भर गया। तेज़ बहाव की वजह से कई मकानों और अन्य इमारतों को नुकसान पहुंचा। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। बचाव दल लगातार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और लापता महिला की तलाश में जुटे हुए हैं।

रोकी गई अमरनाथ यात्रा

खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 19 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों से यात्रा पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। कश्मीर के कमिश्नर अंशुल गर्ग ने बताया कि 19 जुलाई से बालटाल और नुनवान/चंदनवाड़ी बेस कैंप से किसी भी श्रद्धालु को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह फैसला इन दोनों बेस कैंपों में मौजूद सभी श्रद्धालुओं पर लागू होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में खराब मौसम की संभावना को देखते हुए यात्रा मार्गों की सुरक्षा का दोबारा आकलन किया जा रहा है। मौसम में सुधार और रास्तों को सुरक्षित पाए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने का फैसला लिया जाएगा। अंशुल गर्ग ने कहा कि प्रशासन लगातार मौसम और यात्रा मार्गों पर नजर बनाए हुए है। जैसे ही हालात सामान्य होंगे और सुरक्षा सुनिश्चित हो जाएगी, अमरनाथ यात्रा फिर से शुरू करने की जानकारी श्रद्धालुओं को दी जाएगी।

वैष्णो देवी यात्रा भी रोकी गई

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इस साल चल रही अमरनाथ यात्रा के दौरान अब तक 3.7 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र अमरनाथ गुफा पहुंचकर बाबा बर्फानी के दर्शन और पूजा-अर्चना कर चुके हैं। वहीं, खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी यात्रा भी फिलहाल कुछ समय के लिए रोक दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने और यात्रा मार्ग सुरक्षित पाए जाने के बाद ही दोनों यात्राएं दोबारा शुरू करने का फैसला लिया जाएगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन की ओर से जारी ताजा जानकारी और निर्देशों का पालन करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।