भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 जून के लिए देशभर का मौसम बुलेटिन जारी कर दिया है। इसके मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है और यह महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई नए हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। मौसम विभाग ने 9 जून को देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तरह के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। एक तरफ जहां दक्षिण और पूर्वोत्तर के 17 राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में प्रचंड आंधी-तूफान के साथ-साथ लू का प्रकोप भी जारी रहेगा।
इन 3 राज्यों में बेहद भारी बारिश का अलर्ट
9 जून को दक्षिण भारत के तीन प्रमुख क्षेत्रों में मानसून का सबसे रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। आईएमडी ने यहां कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश होने की आशंका जताई है। तटीय कर्नाटक, केरल और माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ आक्रामक बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा केरल और माहे के तटों पर तेज सतही हवाएं भी चलेंगी।
बिहार, यूपी, राजस्थान से बंगाल तक प्रचंड आंधी-तूफान
मौसम विभाग ने 9 जून क देश के एक बड़े हिस्से में गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे (जो 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है) की रफ्तार से चलने वाली तेज आंधी और आसमानी बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। बिहार, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, कोंकण व गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल और ओडिशा में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से चलने वाले भयंकर बवंडर के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी।
पूर्वोत्तर और पश्चिम भारत: यहां होगी भारी से बहुत भारी बारिश
9 जून को दक्षिण भारत के अलावा पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कोंकण और गोवा, माहे, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराईकल और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा के अलग-अलग पॉकेट्स में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
भले ही कई राज्यों में बारिश का दौर चल रहा हो, लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में 9 जून को भीषण गर्मी और लू का प्रकोप देखने को मिलेगा। आईएमडी के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्र), पश्चिमी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर, विदर्भ (महाराष्ट्र) में लू चलने की आशंका है। इसके अलावा कोंकण व गोवा, ओडिशा और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में कल मौसम बेहद उमस भरा और बेचैन करने वाला बना रहेगा।