कल का मौसम: 15 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा समेत 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की ये चेतावनी

IMD Weather Update: मौसम विभाग के 15 सितंबर के बुलेटिन के मुताबिक देश के 10 प्रमुख राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। उत्तर भारत में हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली और पंजाब में बारिश का दौर तेज रहने वाला है, जहां अलग-अलग इलाकों में मूसलाधार पानी बरस सकता है

अपडेटेड Sep 14, 2026 पर 9:49 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पश्चिम भारत में गुजरात के सौराष्ट्र एवं कच्छ क्षेत्र में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है

IMD Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 15 सितंबर के लिए देश भर का ताजा मौसम पूर्वानुमान और बुलेटिन जारी कर दिया है। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक उत्तर भारत के मैदानी इलाकों दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा समेत देश के 10 राज्यों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की आशंका है। मानसून की विदाई चरण के बीच कई मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से उत्तर, दक्षिण, पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत के हिस्सों में आंधी-तूफान, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।

दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा समेत इन 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के 15 सितंबर के बुलेटिन के मुताबिक देश के 10 प्रमुख राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। उत्तर भारत में हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली और पंजाब में बारिश का दौर तेज रहने वाला है, जहां अलग-अलग इलाकों में मूसलाधार पानी बरस सकता है।


पश्चिम भारत में गुजरात के सौराष्ट्र एवं कच्छ क्षेत्र में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। दक्षिण भारत में केरल व माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं। पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम के साथ-साथ पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश और असम व मेघालय में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

राजस्थान, बिहार और जम्मू-कश्मीर में आंधी के साथ बिजली कड़कने का अनुमान

देश के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, बिहार, झारखंड, ओडिशा, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के अलग-अलग इलाकों में थंडरस्टॉर्म के साथ 30-40 किमी/घंटे की गति से आंधी चलने का अलर्ट है।

यूपी, एमपी समेत 16 से अधिक राज्यों में आकाशीय बिजली चमकने की आशंका

मौसम विभाग ने कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली चमकने को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम व मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, गुजरात रीजन, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, केरल व माहे, लक्षद्वीप और तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई गई है।

समुद्र में तूफानी हवाएं: गुजरात तट और बंगाल की खाड़ी के लिए अलर्ट

समुद्र और तटीय क्षेत्रों में चक्रवाती हवाओं के असर से समुद्री स्थिति प्रतिकूल बनी रहेगी। सोमालिया तट के साथ और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम व पश्चिम-मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी, जिनके झोंके 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

उत्तर-पूर्वी अरब सागर से सटे गुजरात तटों पर 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तूफानी मौसम बना रहेगा, जहां हवा की गति 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है, जो बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती हैं। मौसम विभाग ने तटीय इलाकों और गहरे समुद्र में जाने वाले मछुआरों को खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।