हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ गई हैं। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही तेज बारिश का असर कालका-शिमला रेलवे लाइन पर भी पड़ा है। सोलन जिले में तेज बारिश की वजह से ट्रैक की पूरी मिट्टी बह गई और रेल ट्रैक करीब 50 मीटर ऊपर हवा में लटक गया। वहीं इसके बाद से इस मार्ग पर चलने वाली 10 टॉय ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है। वहीं लगातार हो रही तेज बारिश की वजह से पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश की वजह से कहीं पर रास्ते बंद है तो वहीं कहीं पर लैंडस्लाइड का भी खतरा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में 5 सिंतबर तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कई जगहों पर गरज के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश के चलते कई जगहों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है। जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन के कारण कुछ प्रमुख सड़कों पर आवाजाही बंद रही। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण सड़कों और रेलवे लाइन पर असर पड़ा है। कोटी-गुम्मन के बीच कालका-शिमला रेल ट्रैक को नुकसान पहुंचने के बाद यहां ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है। वहीं सोलन में रामशहर-स्वारघाट मार्ग पर पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर गिरने से सड़क बंद हो गई। रविवार सुबह तक प्रदेश की 64 सड़कें बंद रहीं, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई।
मंडी जिले में भी भारी बारिश से 24 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। वहीं सराज इलाके में स्थिति ज्यादा खराब बनी हुई है। बारिश के चलते लोगों को 17 सड़कें बंद हैं। शिमला-कालका रेल मार्ग पर फिलहाल ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैक की स्थिति सामान्य होने तक इस रूट पर संचालन शुरू नहीं किया जाएगा।
उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में हालात बिगड़ गए हैं। उत्तराखंड में तेज बारिश के कारण कई जगह सड़कें बंद हो गईं और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। वहीं जम्मू-कश्मीर के कुछ जिलों में भी बारिश और मलबा गिरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। सांबा-मानसर और बनी-बसोहली मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जबकि जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर वाहनों की आवाजाही जारी रही। खराब मौसम के कारण दोनों राज्यों में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इन जगहों पर बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 31 अगस्त से 5 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी कुछ इलाकों में बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का भी खतरा है।